प्रयागराज। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अयोध्या में रामलला के दर्शन को लेकर चल रही चर्चाओं पर अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है। प्रयागराज में मीडिया से बातचीत के दौरान उन्होंने कहा कि इटावा में केदारेश्वर शिव मंदिर का निर्माण कार्य पूरा होने के बाद वह अयोध्या जाकर भगवान रामलला के दर्शन करेंगे।

'मंदिर निर्माण पूरा होने के बाद जाऊंगा अयोध्या'

अखिलेश यादव ने कहा कि इटावा में बन रहे केदारेश्वर शिव मंदिर का कार्य पूरा होने के बाद वह मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान राम के दर्शन के लिए अयोध्या जाएंगे। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाना साधते हुए कहा कि वह कई बार अयोध्या जाने का दावा करते हैं, लेकिन उन्हें वहां की वास्तविक स्थिति की जानकारी नहीं थी।

सीएम योगी ने किया था तंज

इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अखिलेश यादव पर कटाक्ष करते हुए कहा था कि उन्हें अयोध्या की चिंता करने के बजाय एक बार प्रभु श्रीरामलला के दर्शन करने चाहिए। उन्होंने कहा कि रामलला के दर्शन से सद्बुद्धि आएगी और खुलकर श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन की तरह श्रीकृष्ण जन्मभूमि के मुद्दे पर भी अपनी राय रखनी चाहिए।

राम मंदिर चढ़ावा मामले पर भी बोले अखिलेश

राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़ी कथित अनियमितताओं के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने भाजपा पर हमला बोला। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने दूसरों पर चोरी के आरोप लगाए थे, आज उनकी कथित करतूतें सामने आ रही हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आस्था के साथ धोखा किया गया है और जनता इसका जवाब देगी।

2027 चुनाव को लेकर किया दावा

अखिलेश यादव ने कहा कि आगामी उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 में पीडीए (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) गठबंधन के साथ समाजवादी पार्टी सरकार बनाएगी। उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपा को न चंदा देगी, न चढ़ावा और न ही वोट।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!