

भोपाल। मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के ऐशबाग थाना क्षेत्र में एक बुजुर्ग दंपती के घर से शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। पड़ोसियों और किरायेदारों को घर से तेज बदबू आने पर घटना का पता चला। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया, जहां पति-पत्नी मृत अवस्था में मिले। फिलहाल पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
सेवानिवृत्त दंपती अकेले रहते थे
मृतकों की पहचान 64 वर्षीय हेमंत बारीक और उनकी 62 वर्षीय पत्नी शकुंतला बारीक के रूप में हुई है। दोनों सुदामा नगर स्थित अपने मकान में रहते थे। हेमंत बारीक भारतीय रेलवे से सेवानिवृत्त कर्मचारी थे, जबकि उनकी पत्नी शकुंतला बारीक कस्तूरबा अस्पताल से नर्स के पद से रिटायर हुई थीं।बताया जा रहा है कि मकान का एक हिस्सा किराए पर दिया गया था, जबकि दूसरे हिस्से में दंपती रहते थे। उनका बेटा अपने परिवार के साथ विदेश में रहता है। पुलिस उससे संपर्क करने का प्रयास कर रही है।
किरायेदारों को बदबू आने पर हुआ संदेह
घर में रहने वाले किरायेदार छात्रों ने पुलिस को बताया कि बुजुर्ग दंपती पिछले दो दिनों से घर से बाहर दिखाई नहीं दिए थे। शुक्रवार शाम घर से तेज दुर्गंध आने लगी, जिसके बाद उन्होंने तत्काल पुलिस को सूचना दी।मौके पर पहुंची ऐशबाग थाना पुलिस ने घर का दरवाजा तोड़ा। अंदर पहुंचने पर दोनों के शव मिले, जिनमें सड़न शुरू हो चुकी थी।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगा मौत की वजह का खुलासा
पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मृत्यु के वास्तविक कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। फिलहाल पुलिस परिजनों, रिश्तेदारों और आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है तथा सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।





















