

अंबिकापुर: सरगुजा पुलिस ने साइबर ठगी के मामलों में प्रयुक्त म्यूल बैंक खातों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए दो खाताधारकों समेत कुल चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थाना कोतवाली और साइबर सेल की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है। मामले में एक अन्य आरोपी की गिरफ्तारी अभी शेष है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार भारतीय साइबर अपराध समन्वय केंद्र (I4C) और पुलिस मुख्यालय रायपुर से प्राप्त निर्देशों के तहत फर्जी मोबाइल नंबरों और म्यूल अकाउंट धारकों की जांच की जा रही थी। जांच के दौरान शुभम यादव के बैंक खाते में साइबर धोखाधड़ी से संबंधित 42,499 रुपये तथा धीरज पाण्डेय के खाते में 22,563 रुपये की संदिग्ध राशि प्राप्त होना पाया गया। दोनों खातों के खिलाफ विभिन्न राज्यों में ऑनलाइन शिकायतें दर्ज थीं।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने साइबर ठगी से प्राप्त रकम के लेन-देन के लिए बैंक खातों और सिम कार्डों का उपयोग किया। पुलिस ने मामले में शुभम यादव (26), धीरज पाण्डेय (20), शिवम यादव (25) और कृष गुप्ता (21) को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार की।विवेचना में यह भी पता चला कि शिवम यादव और कृष गुप्ता ने आपराधिक षड्यंत्र के तहत बैंक खाते खुलवाने और सिम कार्ड उपलब्ध कराने में सहयोग किया था, जिससे साइबर धोखाधड़ी की रकम का लेन-देन किया जा सके। पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन और अन्य साक्ष्य जब्त किए हैं।
इस संबंध में थाना कोतवाली अंबिकापुर में अपराध क्रमांक 428/26 के तहत धारा 318(4), 317(4) एवं 61(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि साइबर ठगी के मामलों में उपयोग किए जा रहे म्यूल खातों और संदिग्ध मोबाइल नंबरों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, उप निरीक्षक राजेंद्र सिंह, साइबर सेल प्रभारी एएसआई अजीत मिश्रा, प्रधान आरक्षक विकास सिन्हा सहित कोतवाली और साइबर सेल की टीम की महत्वपूर्ण भूमिका रही।




















