

बलरामपुर: कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन एवं जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर के मार्गदर्शन में वीबी जी राम जी के प्रचार प्रसार के लिए विकासखंड स्तर पर कार्यशाला आयोजित की जा रही है इसी कड़ी में जनपद पंचायत वाड्रफनगर के सभा कक्ष में विकसित भारत जी राम जी अधिनियम 2025 वीबी जी राम जी के प्रभावी क्रियान्वयन हेतु एक दिवसीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में अनुविभागीय अधिकारी राजस्व नीर निधि नंदेहा ,जनपद सीईओ श्री निजाम की उपस्थिति में पंचायत सचिवों, ग्राम रोजगार सहायकों, तकनीकी सहायकों तथा कार्यालयीन कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान बताया गया कि यह अधिनियम 1 जुलाई 2026 से पूरे देश में एक साथ लागू होगा। इसके अंतर्गत प्रत्येक पंजीकृत जॉब कार्डधारी परिवार को प्रतिवर्ष 125 दिनों के रोजगार की गारंटी, समय पर रोजगार उपलब्ध न होने पर बेरोजगारी भत्ता तथा मजदूरी भुगतान में विलंब होने पर मुआवजा प्रदान किए जाने का प्रावधान है।
प्रतिभागियों को योजना के चार प्रमुख कार्य क्षेत्र जल संरक्षण, ग्रामीण आधारभूत संरचना विकास, आजीविका संवर्धन एवं आपदा प्रबंधन के अंतर्गत किए जाने वाले कार्यों तथा अधिनियम के प्रभावी क्रियान्वयन की विस्तृत जानकारी दी गई। इस दौरान सभी मैदानी अमले से 1 जुलाई से योजना का सफल एवं पारदर्शी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का आह्वान किया।




















