

बलरामपुर : छत्तीसगढ़ की षष्ठम विधान सभा का दशम् सत्र 13 जुलाई, 2026 से प्रारंभ होकर 17 जुलाई 2026 तक आहुत किया गया है। उक्त के दृष्टिगत रखते हुए कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी ने जिले में पदस्थ समस्त शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों के अवकाश पर 17 जुलाई 2026 तक प्रतिबंध लगाने का आदेश जारी किया है। जारी आदेश के अनुसार विधानसभा सत्र की अवधि के दौरान सभी शासकीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों को अपने कार्यालय एवं मुख्यालय में उपस्थित रहना होगा
कलेक्टर द्वारा जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी को अति आवश्यक अथवा अपरिहार्य कारणों से अवकाश पर जाने की परिस्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के तहत पूर्व अनुमति प्राप्त करना अनिवार्य होगा। तृतीय एवं चतुर्थ श्रेणी के कर्मचारियों के अवकाश की स्वीकृति संबंधित विभाग के कार्यालय प्रमुख द्वारा प्रदान की जाएगी साथ ही जिला स्तरीय अधिकारियों को अवकाश पर जाने से पूर्व कलेक्टर से लिखित अनुमति प्राप्त करनी होगी तत्पश्चात ही अवकाश पर प्रस्थान कर सकेंगे।
नोडल अधिकारी एवं विधानसभा सेल प्रभारी नियुक्त
विधानसभा सत्र के दौरान प्राप्त होने वाले तारांकित , अतारांकित विधानसभा प्रश्नों, स्थगन, शून्यकाल, आवश्वासनों, ध्यानाकर्षण, अशासकीय संकल्प, याचिका आदि की जानकारी निर्धारित समयावधि में शासन को प्रेषित किये जाने कलेक्टर ने जिला स्तर पर नोडल अधिकारी नियुक्त किया है। जिसके तहत अपर कलेक्टर आर एस लाल को नोडल अधिकारी बनाया गया है। इसी प्रकार जिला कार्यालय अधीक्षक संजय कुमार मरई को विधानसभा सेल प्रभारी तथा जितेश कुमार पैकरा, विकास बखला को विधानसभा सेल सहायक बनाया गया है।





















