बलौदाबाजार: गिरौदपुरी धाम दर्शन के लिए जा रहे श्रद्धालुओं से भरी पिकअप वाहन गुरुवार को नेशनल हाईवे 130-B पर हादसे का शिकार हो गई। सेल और छांछी के बीच मोड़ के पास वाहन अचानक अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गया। दुर्घटना में पिकअप सवार 27 श्रद्धालुओं के घायल होने की जानकारी सामने आई है। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।

जानकारी के अनुसार, बड़ी संख्या में श्रद्धालु पिकअप वाहन से गिरौदपुरी धाम दर्शन के लिए जा रहे थे। इसी दौरान सेल और छांछी के बीच सड़क के मोड़ पर चालक का वाहन से नियंत्रण बिगड़ गया। देखते ही देखते पिकअप सड़क पर पलट गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल घायलों की मदद की और उन्हें उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कसडोल पहुंचाया।

सीएचसी कसडोल में चिकित्सकों की टीम ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार शुरू किया। दुर्घटना में घायल 27 श्रद्धालुओं में से दो की स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर उपचार के लिए जिला अस्पताल रेफर किया गया है। वहीं अन्य घायलों का इलाज कसडोल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में जारी है।हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय स्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया गया। फिलहाल दुर्घटना के कारणों की जानकारी जुटाई जा रही है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!