

बलरामपुर: जिले में शासकीय भूमि को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने एवं सार्वजनिक स्थलों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से कलेक्टर चंदन संजय त्रिपाठी के निर्देशन में राजस्व एवं प्रशासनिक अमला सक्रीयता और सजगता से कार्य कर रहा है। इसी कड़ी में अनुविभागीय अधिकारी (रा.) रामानुजगंज आनन्द राम नेताम के द्वारा नगर भ्रमण के दौरान शासकीय भूमि पर किए जा रहे अतिक्रमण को हटाया गया।
नगर भ्रमण के दौरान अनुविभागीय अधिकारी श्री नेताम ने नगर पालिका क्षेत्र के वार्ड क्रमांक-04 स्थित जेल रोड पर फॉरेस्ट रेस्ट हाउस के समीप शासकीय भूमि पर किए जा रहे अतिक्रमण पर राजस्व अमले को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। निर्देशानुसार अतिक्रमण हटाकर शासकीय भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।
अनुविभागीय अधिकारी श्री नेताम ने कहा कि सार्वजनिक उपयोग की भूमि एवं शासकीय संपत्तियों की सुरक्षा प्रशासन की प्राथमिकता है और शासकीय भूमि पर किसी भी प्रकार का अवैध कब्जा स्वीकार्य नहीं है। कलेक्टर के निर्देशानुसार शासकीय भूमि पर होने वाले हर छोटे-बड़े अतिक्रमण को गंभीरता से लिया जा रहा है। इसी उद्देश्य से छोटे से छोटे अतिक्रमण की भी नियमित निगरानी की जा रही है तथा ऐसे मामलों में तत्काल कार्रवाई करते हुए भूमि को कब्जामुक्त कराया जा रहा है।
उन्होंने आमजन से अपील की कि वे शासकीय एवं सार्वजनिक भूमि पर अतिक्रमण न करें तथा नगर की सुव्यवस्था बनाए रखने में प्रशासन का सहयोग करें। उन्होंने बताया कि शासकीय भूमि पर अवैध अतिक्रमण के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा





















