बलरामपुर: बलरामपुर जिले के थाना कोरंधा क्षेत्र के ग्राम देवरी में जंगल की लकड़ी काटने से मना करने पर विवाद और मारपीट के मामले में पुलिस ने एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी पर गाली-गलौज, मारपीट, जान से मारने की धमकी देने तथा तलवार लहराकर भय पैदा करने का आरोप है।

पुलिस के अनुसार 13 सितंबर 2026 को ग्राम देवरी निवासी सुरजीत लकड़ा ने थाना कोरंधा में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि गांव के उप सरपंच एवं अन्य ग्रामीणों ने गांव के जंगल से लकड़ी काटने से लोगों को मना किया था। इसके बावजूद आरोपी राजेंद्र लकड़ा ने जंगल से लकड़ी काटकर अपने खेत में रख ली थी।शिकायत के मुताबिक, लकड़ी काटने को लेकर मना करने पर आरोपी राजेंद्र लकड़ा ने कथित तौर पर गाली-गलौज करते हुए सुरजीत को जान से मारने की धमकी दी और हाथ-मुक्के से मारपीट की। इसके बाद आरोपी अपने घर गया और वहां से लोहे की तलवार लेकर पंचायत भवन के पास पहुंचा। आरोप है कि उसने तलवार लहराते हुए दोबारा धमकी दी।मामले की शिकायत पर थाना कोरंधा पुलिस ने अपराध क्रमांक 16/2026 दर्ज कर भारतीय न्याय संहिता की धारा 296, 351(3), 115(2) तथा आर्म्स एक्ट की धारा 25, 27 के तहत अपराध कायम कर विवेचना शुरू की।विवेचना के दौरान पुलिस ने आरोपी राजेंद्र लकड़ा पिता सीताराम, उम्र 45 वर्ष, निवासी देवरी, थाना कोरंधा को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपी ने अपराध करना स्वीकार किया, जिसके बाद उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया।पुलिस कार्रवाई में थाना प्रभारी उपनिरीक्षक गजपति मिर्रे, सहायक उपनिरीक्षक दशरथ कुजूर, प्रधान आरक्षक शैलेश सिंह, आरक्षक विनोद मरावी, टापू टोप्पो सहित थाना स्टाफ की भूमिका रही।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!