ओडिशा : मुख्यमंत्री मोहन चरण माझी ने शनिवार को रायरंगपुर में आयोजित कार्यक्रम को राज्य के इतिहास का एक विशेष और यादगार अवसर बताया। इस दौरान राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक साथ मंच पर मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने राष्ट्रपति मुर्मु को उनके 68वें जन्मदिन की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि यह दिन पूरे ओडिशा के लिए गर्व का क्षण है। उन्होंने राज्य की 4.5 करोड़ जनता की ओर से राष्ट्रपति और प्रधानमंत्री का स्वागत भी किया।

आदिवासी गांव से राष्ट्रपति भवन तक का सफर बताया प्रेरणादायक

मुख्यमंत्री ने कहा कि मयूरभंज के एक छोटे से आदिवासी गांव से देश के सर्वोच्च संवैधानिक पद तक पहुंचने वाली राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु की यात्रा संघर्ष, सेवा और लोकतंत्र में विश्वास की मिसाल है। उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति का जीवन देशभर की महिलाओं और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

राष्ट्रपति के जन्मदिन पर पहुंचे पीएम मोदी, सीएम ने जताया आभार

मोहन चरण माझी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का राष्ट्रपति के जन्मदिन समारोह में व्यक्तिगत रूप से शामिल होना इस कार्यक्रम को और अधिक ऐतिहासिक बना गया। उन्होंने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी मौजूदगी ने पूरे आयोजन की गरिमा बढ़ा दी।

दो साल में आठ बार ओडिशा पहुंचे प्रधानमंत्री

मुख्यमंत्री ने बताया कि राज्य में उनकी सरकार के गठन के बाद प्रधानमंत्री मोदी अब तक आठ बार ओडिशा का दौरा कर चुके हैं। उनके अनुसार हर दौरे के साथ नई विकास परियोजनाओं की शुरुआत हुई है और केंद्र-राज्य के बीच सहयोग लगातार मजबूत हुआ है।

केंद्र की योजनाओं से हर वर्ग को मिला लाभ

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2014 के बाद शुरू हुई केंद्र सरकार की विभिन्न योजनाओं का लाभ समाज के हर वर्ग तक पहुंचा है। उन्होंने कहा कि गरीबों, किसानों, महिलाओं और वंचित वर्गों के जीवन में इन योजनाओं के जरिए सकारात्मक बदलाव देखने को मिले हैं।

राज्य सरकार की योजनाओं का भी किया उल्लेख

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की प्रमुख योजनाओं का जिक्र करते हुए बताया कि महिलाओं के लिए सुभद्रा योजना, किसानों के लिए कृषक समृद्धि योजना, मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना, मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना, श्री जगन्नाथ दर्शन योजना और आयुष्मान भारत जैसी योजनाएं प्रभावी ढंग से लागू की जा रही हैं।

केजी से पीजी तक मुफ्त शिक्षा का बड़ा फैसला

मोहन चरण माझी ने घोषणा की कि ओडिशा सरकार ने केजी से लेकर पीजी तक निशुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने का निर्णय लिया है। उन्होंने दावा किया कि ऐसा करने वाला ओडिशा देश का पहला राज्य होगा। साथ ही सामाजिक और शैक्षणिक रूप से पिछड़े वर्गों के लिए उच्च शिक्षा में आरक्षण लागू करने की प्रतिबद्धता भी दोहराई।

औद्योगिक परियोजनाओं से रोजगार को मिलेगा बढ़ावा

मुख्यमंत्री ने बताया कि 'उत्कर्ष ओडिशा-मेक इन ओडिशा' अभियान के तहत 3.11 लाख करोड़ रुपये की लागत वाली 152 औद्योगिक परियोजनाओं का उद्घाटन या शिलान्यास किया गया है। इनसे लगभग ढाई लाख रोजगार के अवसर सृजित होने का अनुमान है, जबकि 44 हजार से अधिक सरकारी नौकरियां भी दी जा चुकी हैं।

रिवर्स माइग्रेशन का जताया भरोसा

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले वर्षों में रोजगार के लिए दूसरे राज्यों में जाने की बजाय लोग ओडिशा आएंगे। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में तेजी से बढ़ रहे उद्योग और निवेश रोजगार के नए अवसर पैदा करेंगे।

डबल इंजन सरकार से मिली बड़ी परियोजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र और राज्य सरकार के बेहतर समन्वय के चलते ओडिशा को रेलवे, सड़क, बंदरगाह, पेट्रोकेमिकल कॉम्प्लेक्स, शिपबिल्डिंग क्लस्टर और आर्थिक गलियारे जैसी कई बड़ी परियोजनाएं मिली हैं। उन्होंने बताया कि इस दौरे के दौरान करीब 50 हजार करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं की भी शुरुआत की गई।

विकसित ओडिशा और विकसित भारत के लक्ष्य पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार वर्ष 2036 तक समृद्ध ओडिशा और वर्ष 2047 तक विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। उन्होंने हाल ही में हुए जी7 शिखर सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि वैश्विक स्तर पर भारत का प्रभाव लगातार बढ़ रहा है और ओडिशा भी इसी विकास यात्रा का महत्वपूर्ण हिस्सा बनेगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!