

प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के तहत किसानों का लंबे समय से इंतजार आखिरकार खत्म हो गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल के हुगली जिले के तारकेश्वर से योजना की 23वीं किस्त जारी करते हुए देशभर के 9.44 करोड़ से अधिक पात्र किसानों के बैंक खातों में 18,880 करोड़ रुपये की राशि सीधे ट्रांसफर की। प्रत्येक लाभार्थी किसान के खाते में 2,000 रुपये डीबीटी के माध्यम से भेजे गए।
मोबाइल से मिनटों में ऐसे जांचें किस्त का स्टेटस
अगर आप जानना चाहते हैं कि आपके खाते में किस्त पहुंची है या नहीं, तो इसके लिए कहीं जाने की जरूरत नहीं है। अपने मोबाइल से पीएम किसान पोर्टल पर जाएं और होमपेज पर मौजूद 'Know Your Status' या 'Beneficiary Status' विकल्प चुनें। इसके बाद अपना रजिस्ट्रेशन नंबर या मोबाइल नंबर दर्ज करें, कैप्चा भरें और 'Get Data' पर क्लिक करें। स्क्रीन पर आपकी किस्त और आवेदन से जुड़ी पूरी जानकारी दिखाई दे जाएगी।
लाभार्थी सूची में ऐसे देखें अपना नाम
यदि आप यह देखना चाहते हैं कि आपके गांव में किन किसानों को योजना का लाभ मिला है, तो पीएम किसान पोर्टल पर जाकर 'Beneficiary List' विकल्प चुनें। इसके बाद राज्य, जिला, उप जिला, ब्लॉक और गांव का चयन करें। 'Get Report' पर क्लिक करते ही लाभार्थियों की पूरी सूची खुल जाएगी, जिसमें आप अपना नाम आसानी से देख सकते हैं।
क्या है प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना?
प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना की शुरुआत 24 फरवरी 2019 को की गई थी। इस योजना के तहत पात्र किसानों को हर वर्ष 6,000 रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की जाती है। यह राशि 2,000 रुपये की तीन समान किस्तों में सीधे किसानों के बैंक खातों में भेजी जाती है। अब तक योजना की 23 किस्तें जारी की जा चुकी हैं।
खाते में पैसा नहीं आया तो तुरंत करें ये जरूरी काम
अगर अभी तक आपके खाते में 23वीं किस्त नहीं पहुंची है, तो इसकी वजह दस्तावेजों में त्रुटि या अधूरी प्रक्रिया हो सकती है। सबसे पहले अपना e-KYC पूरा होने की जांच करें। इसके साथ ही आधार, बैंक खाता और भूमि रिकॉर्ड का सत्यापन भी सुनिश्चित करें। यदि लैंड सीडिंग पूरी नहीं हुई है या रिकॉर्ड में कोई कमी है, तो अपने क्षेत्र के कृषि विभाग या संबंधित राजस्व अधिकारी से संपर्क कर समस्या का समाधान कराएं। e-KYC पूरा करने के लिए ओटीपी या फेस ऑथेंटिकेशन की सुविधा का भी उपयोग किया जा सकता है।





















