

मध्य प्रदेश : मुरैना में भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर के दौरे के दौरान एक ऐसा मामला सामने आया है, जिसने राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में नई बहस छेड़ दी है। आरोप है कि रात में बंद हो चुके एक सहकारी बैंक का ताला केवल इसलिए खोला गया, ताकि प्रदेश अध्यक्ष शौचालय का उपयोग कर सकें। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है।
युवा संवाद कार्यक्रम के दौरान बैंक के बाहर रुका काफिला
जानकारी के अनुसार, जीवाजीगंज स्थित गर्भ सेवा सदन में आयोजित 'युवा संवाद' कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे श्याम टेलर का काफिला कार्यक्रम स्थल से पहले बैंक के सामने रुका। प्रत्यक्षदर्शियों का दावा है कि कुछ देर बाद बैंक के मुख्य गेट और अंदर के ताले खोले गए। इसके बाद प्रदेश अध्यक्ष सहित कुछ लोग बैंक परिसर में गए और कुछ मिनट बाद बाहर निकल आए।
कार्यक्रम स्थल पर सुविधाएं होने के बावजूद उठे सवाल
इस पूरे घटनाक्रम पर सवाल इसलिए भी उठ रहे हैं क्योंकि जिस गर्भ सेवा सदन में कार्यक्रम आयोजित था, वहां शौचालय सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध थीं। कार्यक्रम स्थल बैंक से बेहद कम दूरी पर स्थित था। वहीं वायरल वीडियो में कुछ लोगों के बैंक परिसर में प्रवेश करते हुए भी देखा जा सकता है, जिससे मामले को लेकर चर्चाएं और तेज हो गई हैं।
भाजपा नेताओं ने दी सफाई, कहा केवल शौचालय का किया गया उपयोग
मामले पर भाजपा नेताओं का कहना है कि प्रदेश अध्यक्ष को अचानक शौचालय जाने की जरूरत महसूस हुई थी। इसी कारण बैंक परिसर का उपयोग किया गया। उनका दावा है कि बैंक के भीतर किसी तरह की अन्य गतिविधि नहीं हुई और केवल शौचालय का इस्तेमाल किया गया।
बैंक प्रबंधन ने भी रखा अपना पक्ष
बैंक प्रबंधन का कहना है कि केवल गैलरी और शौचालय तक पहुंच देने के लिए ताला खोला गया था। उनके अनुसार बैंक के मुख्य कार्यालय या अन्य हिस्सों में किसी को प्रवेश नहीं दिया गया। हालांकि वायरल वीडियो और स्थानीय लोगों के दावों के बाद पूरे मामले पर सवाल लगातार उठ रहे हैं।
वीआईपी संस्कृति पर छिड़ी नई बहस
घटना के सामने आने के बाद वीआईपी संस्कृति और नियमों के समान पालन को लेकर भी बहस शुरू हो गई है। अब सभी की नजर इस बात पर टिकी है कि प्रशासन या बैंक प्रबंधन इस पूरे घटनाक्रम पर कोई आधिकारिक स्पष्टीकरण जारी करता है या नहीं। फिलहाल यह मामला राजनीतिक गलियारों के साथ सोशल मीडिया पर भी चर्चा का केंद्र बना हुआ है।





















