भोपाल। 21 जून को आयोजित होने वाली NEET-UG री-एग्जाम को लेकर मध्य प्रदेश में व्यापक तैयारियां की गई हैं। पेपर लीक की घटना के बाद दोबारा आयोजित की जा रही इस परीक्षा को पूरी तरह निष्पक्ष और सुरक्षित बनाने के लिए प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। सभी परीक्षा केंद्रों पर निगरानी बढ़ा दी गई है और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत किया गया है।

हर परीक्षा केंद्र पर CCTV, जैमर और दोहरी सुरक्षा

राज्य के सभी परीक्षा केंद्रों पर सीसीटीवी कैमरे और जैमर लगाए जा रहे हैं ताकि किसी भी प्रकार की नकल या तकनीकी गड़बड़ी को रोका जा सके। राजधानी भोपाल में इस बार 13,774 अभ्यर्थी परीक्षा देंगे। सभी केंद्रों पर दो-स्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू की गई है। बिजली बाधित होने की स्थिति से निपटने के लिए जनरेटर की व्यवस्था भी की गई है।

भोपाल कलेक्टर ने केंद्र प्रभारियों के साथ की समीक्षा बैठक

भोपाल कलेक्टर प्रियंक मिश्रा ने गुरुवार को सभी परीक्षा केंद्र प्रभारियों के साथ बैठक कर परीक्षा व्यवस्था की समीक्षा की। बैठक में ट्रैफिक प्रबंधन, समय पर अभ्यर्थियों की पहुंच, सुरक्षा व्यवस्था और अन्य आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की गई। छात्रों को समय की सही जानकारी मिल सके, इसके लिए प्रत्येक परीक्षा केंद्र के बाहर बड़ी डिजिटल घड़ी लगाने के निर्देश दिए गए हैं।

रेलवे ने चलाई स्पेशल ट्रेन

परीक्षार्थियों की सुविधा को देखते हुए रेलवे ने इंदौर, भोपाल और रतलाम के बीच एक विशेष ट्रेन चलाने का निर्णय लिया है। इस स्पेशल ट्रेन में कुल 17 कोच होंगे, जिनमें 13 स्लीपर, 2 जनरल और 2 एसएलआर/डी कोच शामिल हैं। यह ट्रेन 20 जून को एक फेरे में संचालित होगी।

स्पेशल ट्रेन का समय

गाड़ी संख्या 09354 इंदौर-भोपाल स्पेशल 20 जून को सुबह 11:25 बजे इंदौर से रवाना होगी। यह फतेहाबाद, बड़नगर, रतलाम, नागदा, उज्जैन, मक्सी, शुजालपुर, सीहोर और बैरागढ़ होते हुए शाम को भोपाल पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 09353 भोपाल-रतलाम स्पेशल 20 जून की शाम 7:40 बजे भोपाल से रवाना होगी। यह संत हिरदाराम नगर, सीहोर, शुजालपुर, मक्सी, उज्जैन और नागदा होते हुए देर रात रतलाम पहुंचेगी।

प्रशासन ने अभ्यर्थियों को सलाह दी है कि वे परीक्षा केंद्र पर समय से पहले पहुंचें और सभी निर्धारित दिशा-निर्देशों का पालन करें, ताकि परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!