

कोरिया: कोरिया जिले के सोनहत तहसील अंतर्गत ग्राम कटगोड़ी में मंगलवार देर रात हुई एक सनसनीखेज घटना ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कथित तौर पर 30 से अधिक लोगों ने एक फॉर्च्यूनर वाहन को घेरकर उस पर हमला कर दिया। हमले के दौरान वाहन में आग लगने से एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह अपने साथियों के साथ दो वाहनों में सवार होकर नवगई गांव पहुंचे थे। इसी दौरान कुछ लोगों ने उनकी फॉर्च्यूनर को घेर लिया। आरोप है कि हमलावरों ने एक टिपर वाहन से फॉर्च्यूनर को कई बार टक्कर मारी, जिससे उसके दरवाजे जाम हो गए और वाहन में सवार लोग बाहर नहीं निकल सके।बताया जा रहा है कि इसके बाद वाहन पर ज्वलनशील पदार्थ छिड़ककर आग लगा दी गई। घटना के दौरान वाहन में फंसे लोगों ने शीशे तोड़कर बाहर निकलने का प्रयास किया, लेकिन उनके साथ मारपीट किए जाने की भी बात सामने आई है।
इस घटना में भरत सिंह गहरवार उर्फ लल्ला सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, तीन अन्य लोग गंभीर रूप से झुलस गए। घायलों को तत्काल बैकुंठपुर जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें बेहतर इलाज के लिए अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। चिकित्सकों के अनुसार, घायल 40 से 60 प्रतिशत तक झुलसे हुए हैं।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासनिक अमला सक्रिय हो गया। सरगुजा रेंज के पुलिस महानिरीक्षक भी रात में ही घटनास्थल पर पहुंचे और अधिकारियों से मामले की जानकारी ली।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए अब तक चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है। घटनास्थल पर अंबिकापुर से फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाने में जुटी है।
फिलहाल पुलिस हमले के कारणों, आपसी रंजिश और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले में शामिल सभी आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।





















