

बिहार/बिहार के दानापुर पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर रविवार सुबह छात्रों ने जबरदस्त हंगामा किया। परीक्षा देने के लिए छात्र परीक्षा केंद्र जा रहे थे, लेकिन ट्रेन होने से परेशान हो गए। गुस्साए छात्रों ने दानापुर और पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर जमकर हंगामा किया। इस दौरान पथराव में पुलिसकर्मी भी घायल हो गए। बिहार में पुलिस मद्य निषेध की परीक्षा है। परीक्षा देने जाने के लिए हजारों की संख्या में छात्र पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पहुंचे थे, लेकिन ट्रेन लेट हो गई। इससे नाराज छात्र रेलवे ट्रैक पर बैठ गए और नारेबाजी करने लगे। हालात इतने बिगड़े कि छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा। छात्रों ने प्लेटफार्म पर जमकर तोड़फोड़ की और जबरदस्त पथराव किया। घंटों तक पाटलिपुत्र रेलवे स्टेशन पर हंगामा होता रहा, जिसमें आईजी जितेंद्र राणा समेत कई थाना इंचार्ज घायल हो गए।
छात्रों का कहना है कि अभ्यर्थियों के लिए ट्रेन का इंतजाम नहीं था, जिससे ज्यादातर छात्र समय से परीक्षा केंद्र पर नहीं पहुंच पा रहे हैं। इसलिए अब इस परीक्षा को रद्द करना चाहिए। पटना के डीएम डॉ. त्यागराजन ने बताया, "आधी रात के आस-पास, हमें जानकारी मिली कि कुछ लोग हंगामा कर रहे हैं। हमने उनसे बार-बार कहा कि वे हंगामा न करें और जो एग्जाम देना चाहते हैं, उनके साथ कोऑपरेट करें। लेकिन, कुछ असामाजिक तत्वों ने बार-बार इमरजेंसी चेन खींची और अलग-अलग मांगें रखीं, जैसे स्पेशल ट्रेनों की रिक्वेस्ट, जबकि दो स्पेशल ट्रेनें पहले से ही अवेलेबल थीं। उन्होंने उन स्टूडेंट्स को भी रोका जो जाना चाहते थे। इन दिक्कतों की वजह से, हमें हल्का फोर्स इस्तेमाल करना पड़ा। अब सिचुएशन पूरी तरह नॉर्मल है, और ट्रेनें निकल चुकी हैं। एग्जाम देने वालों के लिए बनी ट्रेनें पहले ही निकल चुकी हैं। ट्रेन ऑपरेशन भी नॉर्मल चल रहा है।"
केंद्रीय चयन पर्षद (सिपाही भर्ती) द्वारा मद्य निषेध सिपाही, कक्षपाल एवं चलंत दस्ता सिपाही के कुल 4128 पदों के लिए लिखित परीक्षा 14 जून से 17 जून तक आयोजित की जाएगी। कक्षपाल के 2417, मद्य निषेध सिपाही के 1603 और चलंत दस्ता सिपाही के 108 पदों के लिए परीक्षा ली जाएगी। दूसरी शिफ्ट के लिए जो छात्र जाने हैं, उनके लिए ट्रेन आ रही है और काफी भीड़ है।
मद्य निषेध सिपाही भर्ती परीक्षा दो शिफ्ट में हो रही है। पहली शिफ्ट सुबह 10 बजे से 12 बजे के बीच है। वहीं, दूसरी शिफ्ट दोपहर 3 से शाम 5 बजे तक है। हालांकि, पहली शिफ्ट के लिए रिपोर्टिंग टाइम सुबह 8-9 बजे के बीच है। ऐसे में वो छात्र अपने परीक्षा केंद्र तक समय पर नहीं पहुंच पाएंगे, जिनकी परीक्षा पहली शिफ्ट में है। इसी वजह से छात्रों ने रेलवे स्टेशन पर जमकर हंगामा किया। खगड़िया जाने वाली एक छात्रा ने बताया कि जो छात्र भीड़ की वजह से ट्रेन में सवार नहीं हो पाए, उन्होंने ट्रेन को आगे बढ़ने नहीं दिया। ट्रेन के इंजन के आगे आ गए और पथराव शुरू कर दिया। ये छात्र यह चाह रहे थे कि यदि उनकी परीक्षा छूट जाएगी तो फिर दूसरे छात्र भी परीक्षा ना दें और परीक्षा रद्द हो जाए।





















