

बलरामपुर।बलरामपुर जिले के राजपुर थाना क्षेत्र के बरियों चौकी अंतर्गत धौरपुर रोड पर गुरुवार शाम एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना में एक ग्रामीण की मौत हो गई। जानकारी के अनुसार शाम करीब 7:30 बजे बोल्डर लोड हाइवा की चपेट में आने से एक ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसकी मौके पर ही मौत हो गई।
स्थानीय ग्रामीणों के अनुसार मृतक की पहचान गंभीर तिग्गा (55 वर्ष) निवासी क्षेत्र के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह सड़क पार कर रहा था, तभी तेज रफ्तार हाइवा वाहन की चपेट में आ गया।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।आज शुक्रवार को मृतक का पोस्टमार्टम कराया जाएगा।
जानकारी के अनुसार दुर्घटना के बाद क्षेत्र में आक्रोश व्याप्त हो गया। ग्रामीण गुरुवार शाम से ही धौरपुर रोड पर सड़क जाम कर बैठे हुए हैं और उचित मुआवजे तथा कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। मौके पर भारी संख्या में ग्रामीण मौजूद हैं, जिससे क्षेत्र में तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।स्थिति को नियंत्रित करने एवं ग्रामीणों को समझाइश देने के लिए पुलिस बल मौके पर तैनात है।
समाचार लिखे जाने तक बरियों चौकी प्रभारी एवं राजपुर थाना प्रभारी से संपर्क नहीं हो पाया था, जिसके कारण दुर्घटना एवं मृतक की आधिकारिक पुष्टि नहीं हो सकी है।




















