केंद्रीय रिपोर्टों में पंजाब स्कूली शिक्षा में देशभर में अव्वल, बलरामपुर के स्कूलों में बुनियादी सुविधाएं मजबूत करने की उठाई मांग

अम्बिकेश गुप्ता

कुसमी / बलरामपुर, 4 जून। आम आदमी पार्टी के जिला महासचिव (संगठन) शकील अंसारी ने पंजाब के स्कूली शिक्षा क्षेत्र में देशभर में प्रथम स्थान हासिल करने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे शिक्षा सुधार की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया है। उन्होंने कहा कि केंद्रीय शिक्षा मंत्रालय के परफॉर्मेंस ग्रेडिंग इंडेक्स (PGI) तथा नीति आयोग की हालिया रिपोर्टों में पंजाब का शीर्ष स्थान प्राप्त करना इस बात का प्रमाण है कि मजबूत राजनीतिक इच्छाशक्ति, बेहतर प्रबंधन और शिक्षा के प्रति गंभीर दृष्टिकोण से सरकारी स्कूलों को भी उत्कृष्ट बनाया जा सकता है।

प्रेस को जारी बयान में शकील अंसारी ने कहा कि पंजाब सरकार द्वारा लागू किए गए शिक्षा सुधारों ने सरकारी विद्यालयों की तस्वीर बदल दी है। आज वहां के स्कूल आधुनिक सुविधाओं, गुणवत्तापूर्ण शिक्षण व्यवस्था, प्रशिक्षित शिक्षकों और बेहतर शैक्षणिक वातावरण के कारण देशभर में मिसाल बन चुके हैं। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री भगवंत मान और आम आदमी पार्टी की सरकार ने शिक्षा को प्राथमिकता देकर यह साबित कर दिया है कि यदि सरकार की नीयत साफ हो तो सरकारी स्कूल भी निजी विद्यालयों की तरह बेहतर सुविधाएं प्रदान कर सकते हैं।

उन्होंने कहा कि शिक्षा किसी भी समाज और राष्ट्र के विकास की आधारशिला होती है। गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रत्येक बच्चे का अधिकार है और सरकारों की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराएं। पंजाब में किए गए प्रयासों का लाभ लाखों विद्यार्थियों को मिला है, जिससे वहां शिक्षा के स्तर में उल्लेखनीय सुधार देखने को मिला है।

शकील अंसारी ने बलरामपुर जिले की शिक्षा व्यवस्था का उल्लेख करते हुए कहा कि जिले में शिक्षा के क्षेत्र में अपार संभावनाएं मौजूद हैं, लेकिन आज भी कई ग्रामीण और आदिवासी अंचलों के विद्यालय बुनियादी सुविधाओं की कमी से जूझ रहे हैं। कई स्कूलों में पर्याप्त भवन, शुद्ध पेयजल, शौचालय, खेल सामग्री तथा शिक्षकों की उपलब्धता जैसी मूलभूत आवश्यकताओं को और बेहतर बनाए जाने की जरूरत है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ क्षेत्रों के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराना समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है।

उन्होंने छत्तीसगढ़ सरकार एवं जिला प्रशासन से अपील करते हुए कहा कि पंजाब के शिक्षा मॉडल का अध्ययन कर उसके सकारात्मक पहलुओं को राज्य में लागू करने पर विचार किया जाना चाहिए। यदि सरकारी स्कूलों की आधारभूत संरचना को मजबूत किया जाए, शिक्षकों की कमी दूर की जाए और विद्यार्थियों को आधुनिक सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं तो छत्तीसगढ़ भी शिक्षा के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सकता है।

शकील अंसारी ने कहा कि आम आदमी पार्टी हमेशा शिक्षा, स्वास्थ्य और जनहित के मुद्दों को प्राथमिकता देती रही है। उनका मानना है कि बेहतर शिक्षा व्यवस्था ही समाज में समान अवसर और समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त कर सकती है। उन्होंने उम्मीद जताई कि आने वाले समय में बलरामपुर जिले के सरकारी विद्यालयों में भी व्यापक सुधार देखने को मिलेगा और यहां के विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!