

बलरामपुर/राजपुर। विश्व पर्यावरण दिवस के अवसर पर 5 जून 2026 को वन परिक्षेत्र राजपुर अंतर्गत ग्राम सिधमा के कक्ष क्रमांक P2724 में ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, ग्रामीणों एवं वन विभाग के अधिकारियों-कर्मचारियों ने सामूहिक रूप से पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य अनार सिंह, भाजपा जिला उपाध्यक्ष कमला प्रसाद सिंह, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष मुकेश गुप्ता, जनपद सदस्य सुमन गुप्ता, बीडीसी सदस्य सरिता सिंह, भाजपा मंडल बरियों अध्यक्ष जितेंद्र जायसवाल, उप मंडलाधिकारी आरएसएल श्रीवास्तव, वन परिक्षेत्राधिकारी अजय वर्मा, सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, वन विभाग के स्टॉफ, सरपंच एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
इस अवसर पर वन अमले द्वारा वैदिक एवं पर्यावरणीय दृष्टि से महत्वपूर्ण बरगद, पीपल, आंवला तथा विलुप्ति की ओर बढ़ रहे चार एवं बहेड़ा सहित कुल 200 पौधों का रोपण किया गया। उपस्थित जनों ने पौधों के संरक्षण एवं संवर्धन की जिम्मेदारी निभाने का संकल्प भी लिया।
जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण केवल एक दिवस तक सीमित न रहकर जनआंदोलन का स्वरूप ग्रहण करे, इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल करनी चाहिए। कार्यक्रम के माध्यम से हरित पर्यावरण, जैव विविधता संरक्षण एवं आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ वातावरण सुनिश्चित करने का संदेश दिया गया।





















