

अंबिकापुर; साइबर अपराधों पर शिकंजा कसते हुए सरगुजा पुलिस ने म्यूल अकाउंट (फर्जी बैंक खातों के माध्यम से साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर करने) के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों को न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
डीआईजी एवं एसएसपी राजेश अग्रवाल के निर्देशन में सरगुजा पुलिस द्वारा म्यूल अकाउंट, फर्जी सिम और पीओएस से जुड़े मामलों की लगातार जांच और कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में कोतवाली थाना पुलिस ने दो संदिग्ध बैंक खातों की जांच कर कार्रवाई की।पुलिस के अनुसार इंडियन बैंक और बैंक ऑफ महाराष्ट्र में संचालित दो खातों के धारक सूरज कुमार कश्यप निवासी नमनाकला, अंबिकापुर के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया। इन खातों के विरुद्ध महाराष्ट्र, पश्चिम बंगाल, गुजरात और छत्तीसगढ़ से साइबर पुलिस पोर्टल पर ऑनलाइन शिकायतें दर्ज थीं।जांच में सामने आया कि दोनों खातों में ऑनलाइन माध्यम से कुल 2 लाख 4 हजार 200 रुपये की राशि प्राप्त हुई थी। विवेचना के दौरान सूरज कुमार और धीरज सिंह निवासी फुंडूरडिहारी, अंबिकापुर से पूछताछ की गई। जांच में पता चला कि बैंक खातों की पासबुक, चेकबुक और एटीएम कार्ड आयुष सिन्हा उर्फ दीप सिन्हा के उपयोग के लिए उपलब्ध कराए गए थे।
पुलिस ने पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर सूरज कुमार कश्यप और धीरज सिंह को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक शशिकांत सिन्हा, उपनिरीक्षक राजेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक सियाराम मरावी, आरक्षक लालबाबू सिंह तथा सैनिक संतोष पटेल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





















