रायपुर। छत्तीसगढ़ में मौसम ने अचानक बड़ा रुख बदल लिया है। लगातार आंधी और बारिश की गतिविधियों के चलते प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में उल्लेखनीय गिरावट दर्ज की गई है। बीते एक सप्ताह के दौरान अलग-अलग शहरों में सामान्य तापमान 6 डिग्री सेल्सियस तक नीचे आ गया है, जिससे लोगों को तेज गर्मी से राहत मिली है।

प्रदेशभर में चला आंधी-बारिश का दौर

सोमवार को राज्य के लगभग सभी जिलों में मौसम का असर देखने को मिला। कई इलाकों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जिससे दिन का तापमान नियंत्रित रहा। सरगुजा, बिलासपुर, रायपुर और दुर्ग संभाग के अनेक जिलों में 30 से 80 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलीं।तेज हवा और बादलों की आवाजाही के कारण कई क्षेत्रों में मौसम सुहाना बना रहा और गर्मी का असर पहले की तुलना में काफी कम महसूस हुआ।

आज भी जारी रहेगा बारिश का सिलसिला

मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश में फिलहाल मौसम का यही रुख बना रहने की संभावना है। मंगलवार को भी कई जिलों में बारिश, गरज-चमक और तेज हवाएं चल सकती हैं। कुछ इलाकों में अंधड़ जैसी स्थिति भी बन सकती है।

किसानों और आम लोगों के लिए राहत भरी खबर

तापमान में आई गिरावट और बारिश की गतिविधियों ने आम लोगों को गर्मी से राहत दी है। वहीं किसानों के लिए भी यह मौसम फायदेमंद माना जा रहा है, क्योंकि मानसून से पहले की यह नमी खेती-किसानी के लिए अनुकूल वातावरण तैयार कर सकती है।फिलहाल मौसम विभाग ने लोगों को बदलते मौसम को देखते हुए सतर्क रहने और मौसम संबंधी अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!