

बलरामपुर।आदिम जाति तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग संचालित स्वस्थ तन-स्वस्थ मन (स्वास्थ्य सुरक्षा) योजना के अंतर्गत जिले के विभागीय छात्रावासों एवं आश्रमों में निवासरत छात्र-छात्राओं के नियमित स्वास्थ्य परीक्षण हेतु चिकित्सकों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग से प्राप्त जानकारी के अनुसार जिन क्षेत्रों में जिला चिकित्सालय, सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र अथवा प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र उपलब्ध नहीं हैं, वहां संचालित विभागीय छात्रावास एवं आश्रमों में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं के स्वास्थ्य परीक्षण की व्यवस्था की जानी है। इसके लिए शासन द्वारा निर्धारित मानदेय एवं शर्तों के अनुसार एम.बी.बी.एस., बी.ए.एम.एस. तथा बी.एच.एम.एस. योग्यताधारी चिकित्सकों से वर्ष 2026-27 के लिए आवेदन पत्र आमंत्रित किए गए हैं।
इच्छुक चिकित्सक अपना आवेदन पत्र निर्धारित प्रारूप में 17 जून 2026 को सायं 5 बजे तक कार्यालय सहायक आयुक्त, आदिवासी विकास विभाग, जिला मुख्यालय बलरामपुर में जमा कर सकते हैं। निर्धारित तिथि एवं समय के पश्चात प्राप्त आवेदन पत्रों पर विचार नहीं किया जाएगा।





















