

रायगढ़: जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ रायगढ़ पुलिस का "ऑपरेशन आघात" लगातार प्रभावी साबित हो रहा है। पिछले 48 घंटों के दौरान कोतवाली, साइबर-जूटमिल, पूंजीपथरा और खरसिया थाना क्षेत्रों में की गई चार बड़ी कार्रवाइयों में पुलिस ने 5 आरोपियों को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में अवैध शराब, नकदी और एक मोटरसाइकिल जब्त की है।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक शशि मोहन सिंह के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अनिल सोनी के मार्गदर्शन में चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस ने कुल 115 लीटर महुआ शराब, 92 पौवा देशी एवं अंग्रेजी शराब और बिक्री से प्राप्त नकदी बरामद की है। सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया गया है।
लाखा में 65 लीटर महुआ शराब के साथ तीन आरोपी गिरफ्तार
कोतवाली पुलिस ने ग्राम लाखा में न्यू गार्डन ढाबा के पास कार्रवाई करते हुए विवेक दास महंत, संजय दास महंत और आकाश यादव को गिरफ्तार किया। पुलिस ने उनके कब्जे से 65 लीटर कच्ची महुआ शराब बरामद की, जिसकी कीमत करीब 13 हजार रुपये बताई गई है। शराब परिवहन के लिए उपयोग किए जाने वाले रबर ट्यूब भी जब्त किए गए।
साइबर-जूटमिल पुलिस ने पकड़ी 92 पौवा शराब
साइबर थाना और जूटमिल पुलिस की संयुक्त टीम ने मनीष महिलाने को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 92 पौवा देशी और अंग्रेजी शराब बरामद की। जब्त शराब की कीमत 9,620 रुपये आंकी गई है। इसके अलावा बिक्री से प्राप्त 8,520 रुपये नकद भी बरामद किए गए।
मोटरसाइकिल से शराब परिवहन करते युवक को दबोचा
पूंजीपथरा पुलिस ने ग्राम सामारूमा के पास घेराबंदी कर करन साहू नामक युवक को पकड़ा। उसके कब्जे से 40 लीटर कच्ची महुआ शराब और परिवहन में प्रयुक्त मोटरसाइकिल जब्त की गई।
खरसिया में नाकाबंदी कर आरोपी गिरफ्तार
खरसिया पुलिस ने स्कूल चौक सराईपाली क्षेत्र में नाकाबंदी कर दीपक कुमार वारेन को 10 लीटर महुआ शराब के साथ गिरफ्तार किया। आरोपी शराब को अवैध रूप से अपने घर ले जा रहा था।
एसएसपी शशि मोहन सिंह ने कहा कि "ऑपरेशन आघात" के तहत अवैध शराब के निर्माण, परिवहन, भंडारण और बिक्री में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। उन्होंने आम लोगों से भी ऐसे अवैध कारोबार की सूचना पुलिस को देने की अपील की है और भरोसा दिलाया है कि सूचना देने वालों की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।





















