रायगढ़/पुसौर।पुसौर अंचल के विद्यार्थियों और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए एक बड़ी खुशखबरी सामने आई है। नगर पंचायत पुसौर में 250 सीटर अत्याधुनिक नालंदा परिसर लाइब्रेरी के निर्माण के लिए 4 करोड़ 41 लाख 49 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति प्रदान की गई है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना से क्षेत्र के हजारों विद्यार्थियों को बेहतर अध्ययन सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

जानकारी के अनुसार, छत्तीसगढ़ शासन के वित्त मंत्री एवं रायगढ़ विधायक ओपी चौधरी के नेतृत्व में इस परियोजना को मंजूरी मिली है। नगर पंचायत अध्यक्ष मानी मोहित सतपथी ने इसे पुसौर अंचल के युवाओं के भविष्य को नई दिशा देने वाला ऐतिहासिक कदम बताया है।उन्होंने कहा कि प्रस्तावित नालंदा परिसर में आधुनिक पुस्तकालय, डिजिटल अध्ययन संसाधन, हाई-स्पीड वाई-फाई, समाचार-पत्र एवं पत्रिकाओं की सुविधा, विशाल अध्ययन कक्ष और शांत वातावरण जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इससे विद्यार्थियों को उच्च शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा।

मानी मोहित सतपथी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को अक्सर संसाधनों की कमी का सामना करना पड़ता है। नालंदा परिसर बनने से उन्हें समान अवसर और बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा। विशेष रूप से आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों के लिए यह सुविधा काफी लाभदायक साबित होगी।उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और वित्त मंत्री ओपी चौधरी के नेतृत्व में प्रदेश में शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की। उन्होंने विश्वास जताया कि आने वाले समय में पुसौर का नालंदा परिसर क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए ज्ञान और सफलता का प्रमुख केंद्र बनेगा।

नगर पंचायत अध्यक्ष ने इस महत्वपूर्ण स्वीकृति के लिए वित्त मंत्री ओपी चौधरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनकी दूरदर्शी सोच और शिक्षा के प्रति प्रतिबद्धता के कारण पुसौर अंचल को यह ऐतिहासिक सौगात मिली है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!