

पेंड्रा: पेंड्रा जिले के कोटमी चौकी क्षेत्र में मंगलवार शाम साप्ताहिक हाट-बाजार के दौरान एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। बाइक सवार तीन बदमाशों ने ज्वेलरी व्यापारी की गोली मारकर हत्या कर दी और सोना-चांदी से भरा बैग लूटकर फरार हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
जानकारी के अनुसार पेंड्रा निवासी प्रदीप सोनी हर सप्ताह कोटमी के साप्ताहिक बाजार में ज्वेलरी की दुकान लगाते थे। मंगलवार शाम करीब 7 बजे वह दुकान बंद कर जेवर और अन्य सामान अपनी गाड़ी में रख रहे थे। इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार तीन युवक वहां पहुंचे और जेवर से भरा बैग लूटने का प्रयास करने लगे।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक व्यापारी द्वारा विरोध किए जाने पर बदमाशों और प्रदीप सोनी के बीच छीना-झपटी शुरू हो गई। इसी दौरान एक आरोपी ने बेहद करीब से उनके सीने में गोली मार दी। गोली लगते ही प्रदीप सोनी जमीन पर गिर पड़े। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी सोना-चांदी से भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए।
घटना के बाद बाजार में अफरा-तफरी मच गई। गोली चलने की आवाज सुनकर लोग इधर-उधर भागने लगे और कई दुकानदारों ने डर के कारण तुरंत दुकानें बंद कर दीं।
सूचना मिलते ही कोटमी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल व्यापारी को जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने घटनास्थल से खाली कारतूस बरामद किए हैं। मामले की जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। घटना के बाद पूरे जिले में नाकाबंदी कर संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
फिलहाल पुलिस लूटे गए सोना-चांदी की कीमत और आरोपियों की पहचान का पता लगाने में जुटी हुई है। साप्ताहिक बाजार में हुई इस वारदात से क्षेत्र के व्यापारियों और लोगों में भय का माहौल है।




















