

अंबिकापुर: सरगुजा जिले में थाना गांधीनगर पुलिस ने आत्महत्या के लिए दुष्प्रेरण के एक गंभीर मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया है।
पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार मामला मर्ग क्रमांक 37/2026 से संबंधित है, जिसमें मृतक रूकचंद नागेश (25 वर्ष), पिता अमरसाय नागेश, निवासी सरगवां पतरापारा थाना गांधीनगर की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई थी। प्रारंभिक जांच में मामला आत्महत्या का पाया गया, जिसके बाद विस्तृत मर्ग जांच शुरू की गई।जांच के दौरान मृतक के परिजनों और स्वतंत्र गवाहों के बयान दर्ज किए गए। बयान में सामने आया कि 27 अप्रैल 2026 को गांव में पण्डा नामक व्यक्ति के यहां विवाह कार्यक्रम आयोजित था। इस दौरान डीजे पर लोग नाच-गाना कर रहे थे। रात करीब 1 बजे कार्यक्रम के दौरान मृतक की मां को नाचने के लिए आरोपियों द्वारा कहा गया, जिसका मृतक ने विरोध किया।इसी बात को लेकर आरोपियों रामप्रसाद उर्फ रित्रा, राजनाथ तिर्की और अजीत कुमार द्वारा मृतक के साथ मारपीट किए जाने की बात सामने आई। मारपीट से आहत होकर मृतक कार्यक्रम स्थल से रोते हुए करीब 3 बजे अपने घर लौट आया। घर पहुंचकर उसने पूरी घटना अपनी बहन सुमरी नागेश को बताई और काफी मानसिक तनाव में था।इसके कुछ समय बाद मृतक ने गांव के पीपल पेड़ में ड्रीप पाइप के सहारे फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद परिजनों द्वारा पुलिस को सूचना दी गई, जिसके आधार पर थाना गांधीनगर में अपराध क्रमांक 277/2026 धारा 108, 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।विवेचना के दौरान पुलिस ने साक्ष्यों के आधार पर तीनों आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उन्होंने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। इसके बाद विधिवत रूप से दिनांक 25 मई 2026 को तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया।
इस पूरी कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक प्रवीण कुमार द्विवेदी, उपनिरीक्षक दिलीप दुबे, प्रधान आरक्षक इमरान गालिब तथा सैनिक रोशन गुप्ता की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने कहा है कि मामले में आगे की विवेचना जारी है।





















