

सूरजपुर: डीआईजी एवं एसएसपी शm प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर अवैध गतिविधियों पर सख्त कार्रवाई के तहत थाना प्रतापपुर पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है।
जानकारी के अनुसार 26.05.2026 की रात्रि को थाना प्रतापपुर पुलिस गश्त पर थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि 03 व्यक्ति पिकअप वाहन क्रमांक CG 15 CV 6015 में अवैध रूप से भैंसों को लोड कर परिवहन कर रहे हैं तथा एक मारुति XL-6 कार क्रमांक CG 15 EG 7027 से रेकी करते हुए प्रतापपुर की ओर आ रहे हैं।सूचना पर पुलिस टीम द्वारा कदमपारा चौक पर घेराबंदी की गई। अम्बिकापुर की ओर से आ रहे दोनों वाहनों को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन को बनारस रोड की ओर तेज गति से भगाने लगे। पुलिस टीम ने पीछा कर घेराबंदी करते हुए दोनों वाहनों को पकड़ लिया।पकड़े गए आरोपियों में पिकअप चालक देवकुमार कोरवा (24 वर्ष) निवासी ग्राम कामेश्वरनगर, थाना सनावल, जिला बलरामपुर, रेकी कर रही मारुति कार का चालक जुबैर आलम (32 वर्ष) निवासी बरवाही, थाना सनावल (वर्तमान पता चांदनी चौक, अम्बिकापुर) तथा शमीम अंसारी (38 वर्ष) निवासी बेलखरिखा, थाना दरिमा शामिल हैं।
पिकअप वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 05 भैंसों को क्रूरतापूर्वक लोड किया गया पाया गया। आरोपियों द्वारा पशु परिवहन से संबंधित कोई भी वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए गए।
पुलिस ने मौके से 05 भैंस (कीमत लगभग 1 लाख रुपये), पिकअप वाहन एवं रेकी में प्रयुक्त मारुति XL-6 कार को जप्त किया है।
मामले में छत्तीसगढ़ कृषक पशु परिरक्षण अधिनियम 2004 की धारा 4, 6, 10 एवं पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम 1960 की धारा 11(क) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
इस कार्यवाही में थाना प्रभारी प्रतापपुर निरीक्षक नरेन्द्र सिंह, प्रधान आरक्षक रविशंकर चौबे, आरक्षक राजेश तिवारी एवं मोहम्मद नौशाद की महत्वपूर्ण भूमिका रही।





















