

अंबिकापुर: वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक राजेश अग्रवाल ने जिले में बढ़ते अपराधों पर नियंत्रण और कानून व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के उद्देश्य से मंगलवार को पुलिस अधीक्षक कार्यालय में जिले के सभी थाना प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक ली। बैठक में ग्रामीण क्षेत्रों के थाना प्रभारियों को वर्चुअल माध्यम से जोड़ा गया।
इस बैठक के दौरान SSP ने शहर और आसपास के क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए रात्रि गश्त बढ़ाने तथा वाहनों की नियमित और सघन चेकिंग करने के निर्देश दिए। साथ ही थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में आगंतुकों की जांच, होटल, लॉज, ढाबों और बस स्टैंडों की लगातार निगरानी एवं चेकिंग बढ़ाने के निर्देश भी दिए गए।अपराध समीक्षा के दौरान लंबित मामलों के शीघ्र निराकरण पर विशेष जोर दिया गया। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने कहा कि गंभीर मामलों में विशेषज्ञों की राय लेकर त्वरित कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। महिलाओं और बच्चों से जुड़े अपराधों में संवेदनशीलता के साथ प्राथमिकता से कार्रवाई करने के निर्देश भी अधिकारियों को दिए गए।बैठक में लंबित अपराधों की नियमित विवेचना, वरिष्ठ कार्यालयों से प्राप्त शिकायतों के त्वरित निराकरण और थाना स्तर पर बेहतर मॉनिटरिंग व्यवस्था विकसित करने पर भी चर्चा हुई। पुलिस अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार सक्रिय रहकर कानून व्यवस्था बनाए रखने के निर्देश दिए गए।
बैठक में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अमोलक सिंह ढिल्लो, नगर पुलिस अधीक्षक राहुल बंसल, उप पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) तुल सिंह पट्टावी सहित जिले के विभिन्न थाना प्रभारी एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे, जबकि ग्रामीण क्षेत्रों के थाना प्रभारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।





















