मनेन्द्रगढ़: मनेन्द्रगढ़ उपजेल में पदस्थ प्रहरी संतोष तिवारी का कथित रिश्वत लेते वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद जेल प्रशासन में हड़कंप मच गया है। वायरल वीडियो में प्रहरी कैदियों के परिजनों से पैसे लेते नजर आ रहा है। मामले के सामने आने के बाद जेल प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं और विभागीय कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।

जानकारी के मुताबिक, सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे वीडियो में प्रहरी संतोष तिवारी कथित तौर पर 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते दिखाई दे रहा है। वीडियो में वह ‘राधे-राधे’ बोलते हुए पैसे अपनी जेब में रखता नजर आ रहा है। बताया जा रहा है कि उपजेल में बंद विचाराधीन कैदियों को प्रताड़ित करने और उन्हें सुविधा उपलब्ध कराने के नाम पर उनके परिजनों से अवैध वसूली की जाती थी।

सूत्रों के अनुसार, कई मामलों में करीब 1 लाख 30 हजार रुपये तक वसूले जाने के आरोप लगाए गए हैं। वीडियो वायरल होने के बाद पूरे इलाके में मामला चर्चा का विषय बन गया है। स्थानीय लोगों और कैदियों के परिजनों ने जेल प्रशासन की भूमिका पर सवाल उठाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

फिलहाल वायरल वीडियो की सत्यता की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन मामले के उजागर होने के बाद संबंधित विभाग पर कार्रवाई का दबाव लगातार बढ़ता जा रहा है।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!