

सूरजपुर: सूरजपुर जिले में नशे के कारोबारियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सूरजपुर पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 75 हजार रुपये कीमत के 100 नशीले इंजेक्शन जब्त कर एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
जानकारी के अनुसार डीआईजी एवं एसएसपी प्रशांत कुमार ठाकुर के निर्देश पर जिलेभर में नशे के कारोबारियों के खिलाफ लगातार अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में 13 मई 2026 को चौकी बसदेई पुलिस टीम रेलवे स्टेशन सूरजपुर रोड के बाहर संदिग्ध लोगों की जांच कर रही थी।इस दौरान एक युवक पुलिस को देखकर भागने का प्रयास करने लगा, जिसे घेराबंदी कर पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम मदनेश्वर प्रसाद (35 वर्ष) निवासी ग्राम सोनपुर, चौकी बसदेई बताया।पुलिस ने उसके पास मौजूद झोले की तलाशी ली तो उसमें 50 एविल इंजेक्शन और 50 रेक्सोजेसिक इंजेक्शन सहित कुल 100 नशीले इंजेक्शन बरामद हुए, जिनकी कीमत करीब 75 हजार रुपये बताई गई है।पूछताछ में आरोपी ने बताया कि उसे एक व्यक्ति ने 20 हजार रुपये देकर नशीले इंजेक्शन मंगाने के लिए भेजा था। वह मध्यप्रदेश के एक जिले के मेडिकल स्टोर से इंजेक्शन खरीदकर ला रहा था।पुलिस ने आरोपी के खिलाफ अपराध क्रमांक 320/2026 के तहत धारा 21(सी) एनडीपीएस एक्ट में मामला दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
इस कार्रवाई में चौकी प्रभारी योगेन्द्र जायसवाल, महिला प्रधान आरक्षक अलका टोप्पो, देवदत्त दुबे, आदित्य यादव, अशोक केंवट और निलेश जायसवाल की अहम भूमिका रही।





















