

रायपुर। राजधानी रायपुर के खमतराई इलाके में बम बनाने की सामग्री मिलने के बाद फैली दहशत के बीच पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। मामले में मुख्य आरोपी विनय देवांगन को गिरफ्तार कर लिया गया है। रावाभाठा इलाके में हुई इस कार्रवाई के बाद पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने राहत की सांस ली है।
लावारिस बैग से खुला पूरा मामला
गुरुवार को रावाभाठा इलाके में एक संदिग्ध लावारिस बैग मिलने से हड़कंप मच गया था। स्थानीय लोगों ने जब बैग देखा तो उसमें विस्फोटक सामग्री और बम बनाने से जुड़े उपकरण नजर आए। सूचना मिलते ही खमतराई पुलिस, बम निरोधक दस्ता और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंची।
सुरक्षा के मद्देनजर पूरे इलाके की घेराबंदी कर जांच शुरू की गई। घटना के बाद आसपास के क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया था।
जांच में मिला लो इंटेंसिटी एक्सप्लोसिव
बम निरोधक दस्ते की प्रारंभिक जांच में बैग से लो इंटेंसिटी विस्फोटक सामग्री और कुछ संदिग्ध उपकरण बरामद किए गए। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने तत्काल विशेष टीम गठित कर जांच तेज कर दी।
तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से मिली जानकारी के आधार पर पुलिस आरोपी विनय देवांगन तक पहुंचने में सफल रही।
पूछताछ में खुल सकते हैं बड़े राज
गिरफ्तार आरोपी से वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में लगातार पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि आरोपी किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की तैयारी में था या इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय है।
जांच एजेंसियां आरोपी के संपर्कों और उसकी गतिविधियों की भी पड़ताल कर रही हैं।
रावाभाठा इलाके में बढ़ाई गई सुरक्षा
घटना के बाद रावाभाठा और आसपास के इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। पुलिस ने संदिग्ध स्थानों और गतिविधियों पर निगरानी बढ़ा दी है।
अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है और जल्द ही पूरे नेटवर्क का खुलासा किया जा सकता है।





















