(अभिषेक कुमार सोनी) बलरामपुर। बलरामपुर जिले में अवैध रेत उत्खनन और परिवहन सम्बंधी लगातार समाचार प्रकाशित होने और शिकायतों के बाद माइनिंग विभाग के द्वारा मंगलवार सवेरे से रेत परिवहन पर लगातार कार्रवाई जारी है जिससे तस्करों में हड़कंप मचा हुआ है।खनिज विभाग की टीम द्वारा मंगलवार सवेरे से ही धंधापुर क्षेत्र से अवैध रेत परिवहन करते हुए 6 टीपर वाहनों को जब्त किया गया है। जब्त वाहनों को बरियों चौकी एवं राजपुर थाने में खड़ा कराया गया है।

जानकारी के मुताबिक सुबह 5 बजे से ही रेत माफिया नदी में सक्रिय हो जाते हैं। पूरे दिन ट्रैक्टर और भारी वाहनों से रेत निकाली जाती है और देर शाम तक उसका परिवहन चलता रहता है। बताया जा रहा है कि रोजाना करीब 200 से ज्यादा वाहनों से अवैध रेत परिवहन किया जाता है। इससे शासन को लाखों रुपये के राजस्व का नुकसान हो रहा है।स्थानीय लोगों का कहना है कि लगातार अवैध खनन से महान नदी का जलस्तर प्रभावित हो रहा है। नदी किनारों पर कटाव बढ़ने का खतरा भी बना हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद जिम्मेदार विभागों ने अब तक सख्त कार्रवाई नहीं की, जिससे रेत माफियाओं के हौसले बढ़ गए हैं।ग्रामीणों ने यह भी कहा कि भारी वाहनों की आवाजाही से गांव की सड़कें खराब हो रही हैं और दुर्घटना का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से अवैध खनन पर जल्द रोक लगाने की मांग की है।

आपको बता दें कि जिले में लंबे समय से अवैध रेत उत्खनन और परिवहन की शिकायतें मिल रही थीं जिसके बाद इस प्रशासनिक कार्रवाई के बाद अब रेत माफियाओं में हड़कंप की स्थिति है। विभाग ने संकेत दिए हैं कि आगे भी अभियान जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

माइनिंग ऑफिसर राहुल गुलाटी ने संचार टुडे सीजीएमपी न्यूज से बात करते हुए बताया कि टीम मौके पर मौजूद है और लगातार कार्रवाई जारी है। उन्होंने कहा कि अवैध उत्खनन एवं परिवहन में संलिप्त लोगों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी कार्रवाई के बाद पूरी जानकारी दी जाएगी।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!