

बीजापुर; बीजापुर जिले में सोमवार रात उस समय हड़कंप मच गया, जब एक जवान ने कथित तौर पर अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। घटना में जवान की मौके पर ही मौत हो गई। मामला कोतवाली थाना क्षेत्र का बताया जा रहा है।
जानकारी के अनुसार, बीती रात करीब 9 बजे कोतवाली थाना के सामने जवान ने अपनी सर्विस राइफल से खुद को गोली मार ली। गोली चलने की आवाज सुनते ही आसपास के लोगों और पुलिस कर्मियों में अफरा-तफरी मच गई।मृतक जवान की पहचान दिलीप तेंलम के रूप में हुई है, जो बस्तर फाइटर में पदस्थ था। बताया जा रहा है कि वह बीजापुर जिले के उसूर ब्लॉक के मर्दोंडा गांव का निवासी था।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर हथियार बरामद कर लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।फिलहाल आत्महत्या के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है।





















