

MP Viral News: छतरपुर जिले से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है, जहां शादी की खुशियां अचानक गम में बदल गईं. यहां एक युवती की शादी की तैयारियां जोरों पर थीं, मैरिज गार्डन बुक हो चुका था और परिवार में जश्न जैसा माहौल था. लेकिन, शादी से ठीक पहले ऐसा खुलासा हुआ कि दूल्हे ने रिश्ता ही तोड़ दिया.
मामला नौगांव थाना क्षेत्र का बताया का है. पीड़ित युवती के मुताबिक, जिस युवक से उसकी शादी तय हुई थी, वह पिछले दो साल से उसे ब्लैकमेल कर रहा था. आरोप है कि युवक ने चालाकी से युवती के कुछ निजी फोटो और वीडियो हासिल कर लिए थे, जिन्हें वह लगातार वायरल करने की धमकी देता था.
युवती ने बताया कि आरोपी ने उसके फोटो-वीडियो को एडिट कर आपत्तिजनक बना दिया और शादी से पहले ही इन्हें लड़के पक्ष को भेज दिया. जैसे ही यह वीडियो सामने आया, दूल्हे और उसके परिवार ने शादी से इनकार कर दिया.
युवती के दोस्त की वजह से टूटी शादी
पीड़िता के अनुसार, आरोपी युवक पहले उसका दोस्त था और इसी दौरान उसने भरोसे का फायदा उठाया. धीरे-धीरे उसने उसे अपने जाल में फंसाया और फिर धमकियों का सिलसिला शुरू कर दिया. युवती का कहना है कि वह लंबे समय से मानसिक दबाव में थी, लेकिन परिवार और समाज के डर से चुप रही.
लाखों का नुकसान, टूटी उम्मीदें
शादी के लिए परिवार ने मैरिज गार्डन, खाना-पीना और अन्य तैयारियों पर लाखों रुपये खर्च कर दिए थे. इसके अलावा, लड़की पक्ष ने दूल्हे को देने के लिए कई उपहार भी खरीद लिए थे. शादी टूटने से न सिर्फ आर्थिक नुकसान हुआ, बल्कि परिवार की सामाजिक प्रतिष्ठा पर भी असर पड़ा है.
युवती ने महिला थाने में शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ ब्लैकमेलिंग और अन्य गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को जल्द गिरफ्तार करने की कोशिश की जा रही है.





















