

बलरामपुर: सुशासन को जन-जन तक पहुँचाने और शासन की योजनाओं का वास्तविक लाभ अंतिम छोर तक सुनिश्चित करने के उद्देश्य से सुशासन तिहार का आयोजन किया जा रहा है। जिसके अंतर्गत जिले का आज पहला जनसमस्या निवारण शिविर विकासखंड बलरामपुर के ग्राम पंचायत महाराजगंज में आयोजित किया गया। शिविर में महाराजगंज, जरहाडीह, पुटसुरा, राधाकृष्णनगर, झलपी सौनी, कोटपाली, भैंसामुड़ा, कृष्णनगर एवं सागरपुर पंचायतों के ग्रामीणजन बड़ी संख्या में सम्मिलित होकर अपनी समस्याएं, मांगें और शिकायतें प्रस्तुत की। जिनका निराकरण संबंधित विभागों द्वारा प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है।
शिविर में आमजनों की सुविधा के लिए पंजीयन काउंटर बनाया गया था। जिसके माध्यम से लोगों ने अपनी समस्याओं एवं आवश्यकताओं से संबंधित आवेदन दिया। शिविर में स्वास्थ्य, शिक्षा, पंचायत एंव ग्रामीण विकास, राजस्व, कृषि, उद्यान, पशुपालन सहित अन्य विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर विभागीय योजनाओं की जानकारी दी गई।
इस अवसर पर कलेक्टर राजेंद्र कटारा एवं जनप्रतिनिधियों ने स्टालों का अवलोकन किया। इस अवसर पर आवास हितग्राहियों को बेहतर आवास बनाने के लिए आवास प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया एवं 1 हितग्राही को आयुष्मान कार्ड प्रदान किया गया।
इस दौरान 4 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई एवं 3 शिशुओ का अन्नप्राषन संपन्न कराया गया। साथ ही महिलाओं को पोषण आहार, मातृ स्वास्थ्य जांच एवं संस्थागत प्रसव से अवगत कराया गया तथा शिशुओं के अभिभावकों को शिशु पोषण, टीकाकरण एवं देखभाल संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई।जनसमस्या निवारण शिविर में कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने उपस्थित आमजनों को संबोधित करते हुए कहा कि ग्राम पंचायत स्तर पर पूर्व में ही आवेदन प्राप्त किए जा चुके हैं, जिनका विभागों द्वारा पात्रतानुसार निराकरण किया जा रहा है।कलेक्टर ने कहा कि जो प्रकरण राज्य स्तर से संबंधित हैं, उन्हें शासन को अवगत कराया जाएगा, साथ ही जिला स्तर के मामलों का निराकरण स्थानीय स्तर पर ही किया जाएगा, ताकि लोगों को त्वरित राहत मिल सके। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों के निराकरण की जानकारी संबंधित आवेदकों तक अवश्य देने की बात कही। इस दौरान उन्होंने जनसमस्या निवारण शिविर में अधिक से अधिक लोगों को शामिल होने की अपील करते हुए लाभ लेने को कहा उन्होंने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की बीमारी या दुर्घटना की स्थिति में झाड़-फूंक के चक्कर में न पड़ें, बल्कि सीधे नजदीकी अस्पताल जाकर इलाज कराएं। उन्होंने बताया कि डॉग बाइट के मामलों में समय पर उपचार कराना अत्यंत आवश्यक है जिसके लिए एंटी-रेबीज वैक्सीन सभी अस्पतालों में उपलब्ध है।
जिला पंचायत उपाध्यक्ष धीरज सिंह देव ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाएं शिविरों के माध्यम से जन-जन तक पहुंच रही हैं। उन्होंने कहा कि इन शिविरों के जरिए आमजनों की समस्याओं का त्वरित निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है। उन्होंने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में शासन-प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि इन पहलों से आम जनता को सीधे लाभ मिल रहा है और उनकी समस्याओं का समाधान सरल एवं सुलभ हो रहा है। क्षेत्र में बिजली से संबंधित समस्याओं का भी त्वरित निराकरण किया जा रहा है, जिससे आम नागरिकों को राहत मिल रही है। जिला पंचायत उपाध्यक्ष ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्र में खेल मैदान निर्माण तथा सौनी से कोटपाली तक सड़क निर्माण कार्य की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है, जिससे क्षेत्र के विकास को नई गति मिलेगी।
जनपद अध्यक्ष सुमित्रा चेरवा ने कहा कि सुशासन तिहार के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं को आप लोगों तक पहुंचाया जा रहा है। साथ ही समाधान शिविर के द्वारा आमनागरिकों की समस्याओं का त्वरित निराकरण भी किया जा रहा है। शिविर अपनी बातों को रखने का सभी के लिए अच्छा अवसर है, जिसके द्वारा अपनी समस्याओं का समाधान पा सकते हैं।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग द्वारा मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से आमजनों को निःशुल्क स्वास्थ्य सेवाएं प्रदान की गईं। शिविर स्थल पर पहुंचे ग्रामीणों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं दवाइयों का वितरण किया गया। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से चिकित्सकों की टीम द्वारा स्वास्थ्य जांच, रक्तचाप, शुगर परीक्षण सहित विभिन्न रोगों की प्राथमिक जांच की गई। ग्रामीणों को मौसमी बीमारियों से बचाव के उपायों की जानकारी दी गई विशेष रूप से महिलाओं, बच्चों एवं बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर ध्यान देते हुए उन्हें उचित परामर्श प्रदान किया गया। मोबाइल मेडिकल यूनिट के माध्यम से बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने स्वास्थ्य परीक्षण कराया।
शिविर में पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य कृष्णा गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर व एसडीएम अभिषेक गुप्ता, जनपद पंचायत उपाध्यक्ष बबली देवी, नगर पालिका उपाध्यक्ष बलरामपुर दिलीप सोनी, जिला पंचायत सदस्य, जनपद सदस्य सरपंच अन्य जनप्रतिनिधिगण, बड़ी संख्या में ग्रामीण जन, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे





















