

अम्बिकेश गुप्ता
कुसमी। बलरामपुर-रामानुजगंज जिले के कुसमी-राजपुर मुख्य मार्ग पर रविवार की देर रात 3 मई 2026 को करीब 11 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें मोटरसाइकिल सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना ऊपर कुसमी स्थित आशीर्वाद ढाबा के पास की है। घायलों में से एक युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि दूसरा अब भी गंभीर अवस्था में उपचाराधीन है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हिंडाल्को इंडस्ट्रीज लिमिटेड के खान प्रभाग सामरी से बॉक्साइट खनन एवं परिवहन का कार्य जिएन कंस्ट्रक्शन को सौंपा गया है। इसी कंपनी में पंजीकृत बॉक्साइट लोड ट्रक क्रमांक CG 15 EC 8144 नो-एंट्री समय समाप्त होने के बाद छत्तीसगढ़ राज्य के सामरी से उत्तर प्रदेश राज्य के रेणुकूट बॉक्साईट डंपिंग यार्ड की ओर रवाना हुआ था। जैसे ही ट्रक ऊपर कुसमी स्थित आशीर्वाद ढाबा के पास पहुंचा, उसी दौरान उसने एक मोटरसाइकिल को अपनी चपेट में ले लिया।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मोटरसाइकिल सवार ग्राम पंचायत करकली अंतर्गत जिरहुल मार्ग के ग्राम डाढ़टोली निवासी चीकू उरांव एवं मंदीप उरांव सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही तड़पने लगे। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल कुसमी पुलिस को सूचना दी घटना के तुरंत बाद ट्रक चालक मौके का फायदा उठाकर वाहन सहित फरार हो गया। स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि रात में ही पुलिस द्वारा और अधिक सक्रियता दिखाई जाती, तो ट्रक को पकड़ना संभव हो सकता था। फिलहाल पुलिस फरार ट्रक की तलाश में जुटी हुई है और पूरे मामले की जांच कर रही है।
सूचना मिलने पर कुसमी पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की सहायता से घायलों को तत्काल कुसमी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया। वहां ड्यूटी पर तैनात मेडिकल ऑफिसर डॉ. शशिलता तिर्की ने प्राथमिक उपचार किया। दोनों की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए मेडिकल कॉलेज अंबिकापुर रेफर किया गया।सूत्रों के अनुसार, गंभीर रूप से घायल चीकू उरांव की अंबिकापुर में उपचार के दौरान मौत हो गई, जबकि मंदीप उरांव के सिर में गंभीर चोट आने से उसकी स्थिति नाजुक बनी हुई है और उसका उपचार जारी है।
मामले में कुसमी पुलिस द्वारा विवेचना की जा रही है। अब तक दुर्घटना में शामिल ट्रक की जब्ती नहीं हो सकी है। पुलिस रक्षित केंद्र अंबिकापुर से डायरी प्राप्त होने की प्रतीक्षा कर रही है। वहीं मृतक एवं घायल के परिजनों द्वारा थाना कुसमी में अब तक कोई लिखित आवेदन प्रस्तुत नहीं किया गया है। पुलिस ने क्षतिग्रस्त मोटरसाइकिल को अपने कब्जे में ले लिया है।
गौरतलब है कि क्षेत्र में बॉक्साइट परिवहन से जुड़े भारी वाहनों को लेकर पूर्व में भी लगातार सवाल उठते रहे हैं। ऐसे मामलों में सामान्यतः मृतक के परिजनों को निर्धारित सहायता राशि दिए जाने की बात सामने आती रही है, लेकिन इस घटना में अब तक किसी प्रकार की आर्थिक सहायता परिजनों को नहीं दी गई है। साथ ही आश्चर्यजनक रूप से इस मामले में अब तक किसी भी सामाजिक या श्रमिक संगठन ने सक्रियता नहीं दिखाई है, जिससे स्थानीय लोगों में नाराजगी व्याप्त है। फिलहाल यह पूरा मामला जांच का विषय बना हुआ है। घटना के बाद क्षेत्र में शोक और आक्रोश का माहौल है, वहीं प्रशासन से कड़ी कार्रवाई की अपेक्षा जताई गई है।

































