शहडोल। मध्य प्रदेश के शहडोल जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां पुलिस से बचकर भाग रहे तीन गांजा तस्करों की कुएं में गिरने से मौत हो गई। यह हादसा जैतपुर थाना क्षेत्र के कमता गांव में हुआ, जिसके बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई।

कार से शुरू हुआ पीछा, तेज रफ्तार में अनियंत्रित हुई गाड़ी
जानकारी के अनुसार डायल 112 में तैनात कॉन्स्टेबल कृष्णेंद्र यादव को एक संदिग्ध कार नजर आई थी। पुलिस ने जैसे ही पीछा शुरू किया, कार सवार तस्करों ने रफ्तार बढ़ा दी। इसी दौरान कमता कॉलेज चौराहे पर उनकी कार अनियंत्रित होकर पलट गई।

भागने की कोशिश में कुएं में गिरे तीनों आरोपी
हादसे के बाद कार सवार तीनों युवक वाहन छोड़कर अंधेरे में भागने लगे। इसी दौरान उन्हें रास्ते में मौजूद कुआं नजर नहीं आया और तीनों उसमें गिर गए। कुएं में गंदगी और पानी होने के कारण वे बाहर नहीं निकल सके और उनकी मौत हो गई।

कार से मिला 6 किलो गांजा, नेटवर्क की जांच शुरू
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर वाहन की तलाशी ली, जिसमें से 6 किलो गांजा बरामद हुआ है। इसके बाद आशंका जताई जा रही है कि मृतक किसी बड़े नशा तस्करी नेटवर्क से जुड़े हो सकते हैं, जिसकी जांच जारी है।

सुबह किया गया रेस्क्यू, शव पोस्टमार्टम के लिए भेजे गए
अंधेरा होने के कारण रात में रेस्क्यू संभव नहीं हो सका। अगले दिन पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर शवों को कुएं से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दौरान थाना प्रभारी जयप्रकाश शर्मा सहित वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।

मृतकों की पहचान हुई, पुलिस कर रही पूरे नेटवर्क की जांच
मृतकों की पहचान तनुज शुक्ला (शहडोल), सचिन सिंह बघेल (बुढ़ार) और रोहित शर्मा (टिकुरीटोला, बुढ़ार) के रूप में हुई है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि ये आरोपी किसी बड़े तस्करी गिरोह का हिस्सा थे या नहीं।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!