

रायगढ़: जिले के सिंघीतराई स्थित वेदांता पावर प्लांट में मंगलवार को बड़ा औद्योगिक हादसा हो गया। प्लांट में लगे बॉयलर के अचानक फटने से जोरदार धमाका हुआ, जिससे पूरे परिसर में अफरा-तफरी मच गई और आसपास के इलाकों में दहशत फैल गई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार विस्फोट इतना तेज था कि इसकी आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी। हादसे में कई कर्मचारी झुलस गए, जिन्हें तत्काल एंबुलेंस के जरिए रायगढ़ के जिंदल अस्पताल सहित अन्य निजी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। अब तक 15 घायलों का इलाज जारी है, जिनमें कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है।इस घटना में गंभीर रूप से झुलसे 5 लोगों की मौत होने की खबर सामने आई है। हालांकि प्रशासन की ओर से मृतकों और घायलों की आधिकारिक पुष्टि अभी तक नहीं की गई है।घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंच गए और बचाव कार्य शुरू किया गया। प्लांट प्रबंधन के अधिकारी भी मौके पर मौजूद हैं और स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं।
प्रशासन ने हादसे की जांच के निर्देश दे दिए हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं हो पाया है कि बॉयलर फटने की वजह क्या रही। राहत एवं बचाव कार्य तेजी से जारी है।

































