

बलरामपुर: भारत सरकार के युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय के अंतर्गत माय भारत द्वारा संचालित नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान के तहत जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। जिला पंचायत सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों, शिक्षकों, स्कूली विद्यार्थियों एवं युवाओं ने वर्चुअल माध्यम से सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान देशभर के युवाओं को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने युवाओं से नशे जैसी सामाजिक बुराई से दूर रहने, स्वस्थ एवं अनुशासित जीवनशैली अपनाने और विकसित भारत के निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि नशा मुक्त युवा ही विकसित भारत की सबसे बड़ी शक्ति हैं तथा राष्ट्र निर्माण में युवाओं की सकारात्मक भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है।जिले में आयोजित कार्यक्रम में 200 से अधिक विद्यार्थियों एवं युवाओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। इस अवसर पर जनपद पंचायत अध्यक्ष सुमित्रा चेरवा, अपर कलेक्टर आर.एन. पांडेय, जिला शिक्षा अधिकारी मनी राम यादव, खंड शिक्षा अधिकारी बलरामपुर, प्राचार्य, विभिन्न विभागों के जिला स्तरीय अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जनपद पंचायत अध्यक्ष सुष्टि सुमित्रा चेरवा ने कहा कि युवा राष्ट्र की सबसे बड़ी पूंजी हैं। उन्हें अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, नवाचार और समाज सेवा जैसे सकारात्मक कार्यों में लगाकर नशा मुक्त समाज के निर्माण में अग्रणी भूमिका निभानी चाहिए।
इस अवसर पर अपर कलेक्टर आर.एन. पांडेय ने उपस्थित सभी युवाओं को नशा मुक्त युवा फॉर विकसित भारत की शपथ दिलाई। उन्होंने युवाओं से स्वयं नशे से दूर रहने के साथ-साथ अपने परिवार, मित्रों एवं समाज को भी नशामुक्ति के इस जनआंदोलन से जोड़ने का आह्वान किया।उपस्थित युवाओं ने प्रधानमंत्री के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने तथा नशा मुक्त, स्वस्थ और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का संकल्प लिया।











