

भारी मात्रा में बैंक दस्तावेज, चेकबुक ,मोबाइल और वाहन जब्त
बलरामपुर। बलरामपुर जिले के सनावल थाना क्षेत्र में अवैध धान परिवहन और खरीदी के बड़े नेटवर्क का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। इस मामले में फरार चल रहे आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा।
जानकारी के अनुसार 26 दिसंबर 2025 को राजस्व एवं पुलिस की संयुक्त टीम अवैध धान परिवहन रोकने गश्त पर थी। इसी दौरान एक संदिग्ध पिकअप वाहन UP 64CT-4218 को रोकने का प्रयास किया गया, लेकिन चालक वाहन लेकर भागने लगा। पीछा कर वाहन को पकड़ा गया। वाहन चालक से पूछताछ में पता चला कि धान कुलूडीह निवासी श्याम सुन्दर गुप्ता के घर उतारा जाना था। श्याम सुंदर गुप्ता के घर में तलाशी में किसानों के बड़ी मात्रा में दस्तावेज बरामद हुए थे।
पुलिस के अनुसार अत्यधिक मात्रा में दस्तावेज प्राप्त होने पर खाद्य अधिकारी द्वारा थाना सनवाल में आवेदन देकर रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 82/2025 के तहत धारा 3,7 आवश्यक वस्तु अधि. 318 (4), 61 (2) बी.एन.एस का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना शुरू की।विवेचना में खुलासा हुआ कि आरोपी उत्तरप्रदेश से कम कीमत पर धान लाकर छत्तीसगढ़ के खरीदी केंद्रों में विभिन्न किसानों के खातों से बेचते थे। इसके लिए किसानों की ऋण पुस्तिका, बैंक खाते और चेकबुक अपने कब्जे में रखकर शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचाया जा रहा था।इस मामले में पूर्व में श्यामसुन्दर गुप्ता, शिवम गुप्ता, मंडी ऑपरेटर राजेश सिंह एवं पटवारी संजय सोनी को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।

प्रकरण के मुख्य आरोपी श्याम सुंदर गुप्ता के मोबाइल की जांच में अमित कुमार गुप्ता की संलिप्तता सामने आई, जो उत्तरप्रदेश से धान लाकर इस अवैध कारोबार में सक्रिय भूमिका निभा रहा था। जो घटना दिनांक से लगातार फरार चल रहा था। दिनांक 08.04.2026 को मुखबिर से सूचना मिला कि आरोपी अमीत कुमार गुप्ता मिनवाखाण्ड रास्ते से रामचन्द्रपुर जिला सहकारी बैंक की ओर जा रहा है। सुचना पर आरोपी को ग्राम मिनवाखाण्ड के पास घेराबंदी कर रोकने का प्रयास किया गया आरोपी पुलिस को देख कर अपना मोटर सायकल मोडकर भागने का प्रयास कर रहा था जिसे पुलिस ने हिरासत में लेकर थाना लाया। पुछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म स्वीकार किया।
आरोपी के पास से पुलिस ने 11 सहकारी बैंक चेकबुक,4 एचडीएफसी बैंक चेकबुक,4 जिला सहकारी बैंक चेकबुक,8 विड्रॉल पर्चियां एवं 15 खाली पर्चियां,2 एटीएम कार्ड (सीलबंद),हिसाब-किताब की पर्चियां,एक मोबाइल फोन एवं एक मोटरसाइकल जब्त किया।पुलिस ने आरोपी अमित कुमार गुप्ता पिता राजवंशी प्रसाद गुप्ता ( 35 वर्ष) निवासी सलवाही चौकी डिण्डो थाना त्रिकुण्डा जिला बलरामपुर-रामानुजगंज को न्यायालय में पेश कर न्यायिक रिमांड पर भेज दिया है।

































