लखनपुर/ प्रिंस सोनी: लखनपुर  विकासखंड के ग्राम पंचायत गुमगरा खुर्द में शासकीय भूमि पर लंबे समय से हो रहे अवैध कब्जे के खिलाफ आखिरकार ग्रामीणों ने एकजुट होकर बड़ा कदम उठाया। ग्राम सभा के प्रस्ताव के बाद ग्रामीणों और महिलाओं के विशेष सहयोग से अवैध कब्जा हटाकर जमीन को मुक्त कराया गया।

जानकारी के अनुसार, ग्राम पंचायत गुमगरा खुर्द में खेल मैदान और अन्य शासकीय कार्यों के लिए भूमि की कमी के चलते ग्रामीणों को लगातार परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। जबकि पंचायत क्षेत्र में 40 एकड़ से अधिक शासकीय भूमि उपलब्ध थी, जिस पर एक बाहरी व्यक्ति द्वारा अवैध रूप से कब्जा कर लिया गया था।ग्रामीणों का आरोप है कि संबंधित कब्जाधारी के पास पहले से ही पट्टे की पर्याप्त जमीन थी, लेकिन इसके बावजूद वह शासकीय भूमि पर भी अपना अधिकार जमाए हुए था। इस संबंध में ग्राम सभा के माध्यम से कई बार नोटिस जारी कर कब्जा हटाने के निर्देश दिए गए, लेकिन चेतावनी के बावजूद कब्जाधारी ने जमीन खाली नहीं की।इसके बाद ग्राम सभा में प्रस्ताव पारित कर सामूहिक रूप से अवैध कब्जा हटाने का निर्णय लिया गया। निर्णय के अनुरूप ग्रामीणों, विशेषकर महिलाओं की सक्रिय भागीदारी से शासकीय भूमि को कब्जामुक्त कराया गया।ग्राम पंचायत के प्रतिनिधियों ने कब्जाधारी को सख्त हिदायत दी है कि वह केवल अपनी स्वामित्व वाली भूमि पर ही कार्य करें और शासकीय जमीन पर दोबारा कब्जा करने का प्रयास न करें।

इस कार्रवाई में सरपंच प्रतिनिधि गुड्डू सिंह मरावी, उप सरपंच एवं ग्राम पंचायत के अन्य सदस्यों सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों का महत्वपूर्ण योगदान रहा।ग्रामीणों ने बताया कि अब मुक्त कराई गई भूमि पर खेल मैदान और अन्य विकास कार्यों को जल्द शुरू किया जाएगा, जिससे गांव के युवाओं और आम जनता को सीधा लाभ मिलेगा।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!