

खंडवा : में रेलवे जमीन को खाली कराने का अभियान तेज हो गया है। सेंट्रल रेलवे की टीम ने बुधवार को बुद्ध नगर कॉलोनी में बड़ी कार्रवाई करते हुए 140 अतिक्रमण हटा दिए। इसके अलावा सूरजकुंड इलाके में भी बची हुई 10 से ज्यादा अवैध संरचनाएं तोड़ी गईं।
मंदिर के पास विरोध, एक घंटे तक हंगामा
कार्रवाई के दौरान शिव पार्वती मंदिर के नजदीक हालात अचानक तनावपूर्ण हो गए। हिंदू जागरण मंच के जिला संयोजक माधव झा और विहिप के जिला संयोजक आदित्य मेहता ने इसका विरोध किया। देखते ही देखते मौके पर बहस तेज हो गई और करीब एक घंटे तक हंगामे की स्थिति बनी रही। अंततः रेलवे के अधिकारी बिना आगे की कार्रवाई किए वहां से लौट गए।
संगठनों ने उठाए सवाल
हिंदू संगठनों ने इस पूरी कार्रवाई पर आपत्ति जताते हुए कहा कि ऐसे मामलों में पहले सूचना और बातचीत जरूरी है। उनका आरोप है कि अन्य अतिक्रमणों को पहले नोटिस दिए गए थे, लेकिन उन पर अब तक कोई कदम नहीं उठाया गया। इसको लेकर कार्यकर्ताओं ने समान और पारदर्शी कार्रवाई की मांग रखी।
रेलवे ने दिया भरोसा
विवाद के बीच रेलवे अधिकारियों ने आश्वासन दिया कि सभी पक्षों से चर्चा के बाद ही आगे की प्रक्रिया तय की जाएगी और नियमों के अनुरूप कार्रवाई होगी।
रेल परियोजना के लिए खाली कराई जा रही जमीन
गौरतलब है कि खंडवा से भुसावल के बीच 131 किलोमीटर लंबी तीसरी और चौथी रेल लाइन प्रस्तावित है। इसी परियोजना के तहत रेलवे अतिक्रमण हटाकर जमीन खाली करा रहा है। भविष्य में इन क्षेत्रों में रेलवे कार्यालय और अधिकारियों के आवास बनाए जाने की योजना है।

































