

अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के अंबिकापुर को अब एक और बड़ी सौगात मिल गई है। एलायंस एयर ने गुरुवार से अंबिकापुर और कोलकाता के बीच सीधी हवाई सेवा शुरू कर दी है। यह फ्लाइट सप्ताह में दो दिन संचालित होगी, जिससे यात्रियों को तेज और सुविधाजनक यात्रा का विकल्प मिलेगा।
हफ्ते में दो दिन उड़ान, बिलासपुर से जुड़ा रूट
नई फ्लाइट गुरुवार और शनिवार को संचालित होगी।
गुरुवार को विमान कोलकाता से बिलासपुर होते हुए अंबिकापुर पहुंचेगा और फिर वापस कोलकाता के लिए रवाना होगा।
वहीं शनिवार को अंबिकापुर से बिलासपुर के रास्ते कोलकाता के लिए उड़ान भरी जाएगी।
पहली फ्लाइट गुरुवार सुबह 10:25 बजे अंबिकापुर से रवाना होगी।
फ्लाइट का पूरा शेड्यूल
गुरुवार
कोलकाता से उड़ान सुबह 7:05 बजे
बिलासपुर आगमन 8:55 बजे, प्रस्थान 9:20 बजे
अंबिकापुर आगमन 10:00 बजे
अंबिकापुर से प्रस्थान 10:25 बजे
कोलकाता पहुंचने का समय दोपहर 12:15 बजे
शनिवार
कोलकाता से प्रस्थान 11:20 बजे
अंबिकापुर आगमन 13:10 बजे
अंबिकापुर से प्रस्थान 13:35 बजे
बिलासपुर आगमन 14:15 बजे, प्रस्थान 14:40 बजे
कोलकाता आगमन 16:30 बजे
दिल्ली सेवा के बाद अब कोलकाता कनेक्टिविटी
एलायंस एयर ने अपने विंटर शेड्यूल में अंबिकापुर से दिल्ली और कोलकाता दोनों के लिए उड़ानें शामिल की हैं। हाल ही में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने 30 मार्च को मां महामाया एयरपोर्ट दरिमा से दिल्ली फ्लाइट का वर्चुअल शुभारंभ किया था।
किराया और संचालन
अंबिकापुर से दिल्ली के लिए फ्लाइट सोमवार और बुधवार को संचालित हो रही है, जिसका किराया करीब 6500 रुपये तय किया गया है।
वहीं अंबिकापुर से कोलकाता के लिए बेस फेयर लगभग 6000 रुपये रखा गया है, जो बुकिंग के अनुसार बदल सकता है।
नई मांग भी उठी, वाराणसी कनेक्शन की उम्मीद
हवाई सेवा के विस्तार के साथ अब क्षेत्रीय कनेक्टिविटी को और मजबूत करने की मांग भी तेज हो गई है। सांसद चिंतामणि महाराज और मंत्री राजेश अग्रवाल ने मुख्यमंत्री से रायपुर–अंबिकापुर–वाराणसी रूट पर नई उड़ान शुरू करने का प्रस्ताव रखा है।
बताया जा रहा है कि इस संबंध में इंडिगो से भी चर्चा हुई है और आने वाले समय में इस सेवा के शुरू होने की संभावना जताई जा रही है।

































