
अंबिकापुर: मारपीट एवं छेड़छाड़ के मामले में कोतवाली पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों पर प्रार्थिया और उसकी भांजी के साथ गाली-गलौज, मारपीट और छेड़छाड़ करने का आरोप है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई करते हुए न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया की।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार घटना 24 अक्टूबर 2026 की दोपहर करीब 3:30 बजे की है। प्रार्थिया ने थाना कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी कि रसीद शाह के घर के पास आरोपियों ने उसकी भांजी से पूछताछ के दौरान विवाद किया। इसके बाद आरोपियों ने कथित तौर पर एकजुट होकर प्रार्थिया और उसकी भांजी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। साथ ही छेड़छाड़ करने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत के आधार पर कोतवाली पुलिस ने अपराध क्रमांक 759/26 के तहत बीएनएस की धारा 74, 291, 351(3), 115(2), 127(2), 3(5), 111 तथा पॉक्सो एक्ट की धारा 7 और 8 के तहत मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस ने चार आरोपियों को पकड़कर पूछताछ की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में आरोपियों ने घटना में शामिल होना स्वीकार किया। गिरफ्तार आरोपियों में रसीद शाह (50 वर्ष), निवासी तकिया मदरसा के पास अंबिकापुर, इरफान खान (19 वर्ष), निवासी ग्राम बोंगा, हाल मुकाम अंबिकापुर, इमाम असगर (20 वर्ष), निवासी पलामू (झारखंड), हाल मुकाम अंबिकापुर और इमरान खान (38 वर्ष), निवासी तकिया मोहल्ला, अंबिकापुर शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, मामले के मुख्य आरोपी रसीद शाह के विरुद्ध पूर्व में भी थाना अंबिकापुर में कई अपराध दर्ज हैं और पूर्व के मामलों में न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया जा चुका है। आरोपी की कथित निरंतर आपराधिक गतिविधियों को देखते हुए इस प्रकरण में संगठित अपराध से संबंधित बीएनएस की धारा 111 भी जोड़ी गई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपियों के विरुद्ध अपराध के पर्याप्त साक्ष्य मिलने पर चारों को गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है।संपूर्ण कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली उप निरीक्षक अखिलेश सिंह, सहायक उप निरीक्षक अदीप प्रताप सिंह, महिला प्रधान आरक्षक ज्योति कुजूर, आरक्षक सुरेश गुप्ता, शिव राजवाड़े एवं सैनिक संतोष पाठक सक्रिय रहे।











