

कोरबा : छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में चल रही पांच दिवसीय हनुमंत कथा में श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है। Dhirendra Krishna Shastri की कथा के चौथे दिन दो लाख से ज्यादा लोगों की उपस्थिति दर्ज की गई, जिससे पूरा आयोजन स्थल भक्ति और उत्साह से भर गया।
‘घर वापसी’ के बाद बदला माहौल, एक परिवार ने अपनाया सनातन धर्म
कथा के दौरान 543 लोगों की ‘घर वापसी’ कराई गई, जिसने पूरे कार्यक्रम को चर्चा का केंद्र बना दिया। इसी दौरान एक मुस्लिम परिवार ने भी सनातन धर्म अपनाया। जानकारी के मुताबिक, अनवर खान ने अर्जुन सिंह नाम धारण किया, जबकि उनकी पत्नी हसीना ने प्रिया सिंह के रूप में नई पहचान स्वीकार की। धार्मिक विधि-विधान के साथ यह प्रक्रिया पूरी कराई गई। मंच से अनवर ने ‘जय श्री राम’ के नारे भी लगाए, जिससे वहां मौजूद भीड़ में खास उत्साह देखने को मिला।
मंच से दिया बड़ा संदेश, हिंदुओं की एकता पर जोर
कथा के दौरान Dhirendra Krishna Shastri ने हिंदू समाज की एकजुटता को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि जब तक वे जीवित हैं, हिंदुओं को न टूटने देंगे, न बंटने देंगे और न ही झुकने देंगे। उनके इस बयान पर उपस्थित श्रद्धालुओं ने जोरदार समर्थन जताया।
धर्मांतरण पर सख्त टिप्पणी, बयान से बढ़ी सियासी और सामाजिक हलचल
इससे पहले भी उन्होंने धर्मांतरण को लेकर कड़ी टिप्पणी की थी, जिसमें उन्होंने कहा कि अब यह गतिविधियां नहीं चलेंगी और जो लोग अपने धर्म से भटक गए हैं, उनकी ‘घर वापसी’ कराई जाएगी। उनके इस बयान के बाद क्षेत्र में सामाजिक और राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं।
‘घर वापसी’ के लिए किया आह्वान
कथा के दौरान उन्होंने कोरबा समेत रायगढ़, जशपुर और बिलासपुर के लोगों से अपील की कि जो लोग ‘घर वापसी’ करना चाहते हैं, उनके लिए यह सही समय है। उन्होंने इसे एक संकल्प के रूप में दोहराते हुए कहा कि अब धर्मांतरण को रोका जाएगा और समाज को एकजुट किया जाएगा।

































