


Nepal KP Oli Arrested: नेपाल की राजनीति में बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। नई सरकार के गठन के महज 24 घंटे के भीतर पुलिस ने पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली और पूर्व गृह मंत्री रमेश लेखक को गिरफ्तार कर लिया। इस कार्रवाई के बाद पूरे देश में राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
शिकायत के बाद हुई कार्रवाई
जानकारी के अनुसार, गृह मंत्रालय में दर्ज औपचारिक शिकायत के आधार पर यह गिरफ्तारी की गई है। मामला हाल ही में हुए छात्र प्रदर्शनों से जुड़ा है, जिसमें कई छात्रों की मौत हो गई थी।
कैबिनेट बैठक में लिया गया फैसला
प्रधानमंत्री बालेन शाह ने शपथ लेने के बाद पहली कैबिनेट बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में जांच आयोग की रिपोर्ट को लागू करने का निर्णय लिया गया। इसी रिपोर्ट में प्रदर्शन के दौरान निहत्थे छात्रों पर गोली चलाने की बात सामने आई थी, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।
आरोप साबित हुए तो कड़ी सजा संभव
सूत्रों के मुताबिक, दोनों नेताओं को भक्तपुर स्थित उनके निवास से हिरासत में लिया गया। यदि आरोप सिद्ध होते हैं, तो उन्हें 10 साल तक की सजा हो सकती है। बताया जा रहा है कि इन्हीं प्रदर्शनों के कारण ओली को सत्ता से हटना पड़ा था।
सुरक्षा बलों की भूमिका भी जांच के दायरे में
जांच रिपोर्ट में नेपाल पुलिस, आर्म्ड पुलिस फोर्स और सेना के कुछ अधिकारियों की भूमिका पर भी सवाल उठाए गए हैं। हालांकि अब तक सुरक्षा एजेंसियों पर सीधी कार्रवाई नहीं हुई है, लेकिन सरकार ने इस पहलू की जांच के लिए अलग समिति गठित करने का फैसला किया है।
































