कोरिया: कोरिया जिले के थाना पटना क्षेत्र में नौकरी दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार आरती पटेल निवासी ग्राम तेंदुआ ने थाना पटना में शिकायत दर्ज कराई थी कि टेंगनी निवासी आरोपी संदीप सिंह सारथी ने दिसंबर 2024 में महिला एवं बाल विकास विभाग में आंगनबाड़ी सुपरवाइजर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर उससे अलग-अलग किश्तों में करीब 2 लाख 40 हजार रुपये, साथ ही 44 हजार और 24,750 रुपये की ठगी की।जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने स्तुति पटेल और प्रियंका कुजूर को आत्मानंद विद्यालय में शिक्षक पद पर नौकरी दिलाने का झांसा देकर दोनों से 1-1 लाख 80 हजार रुपये ठग लिए। आरोपी ने किसी भी पीड़ित को नौकरी नहीं दिलाई और पूरी राशि हड़प ली।

प्रार्थिया की रिपोर्ट पर थाना पटना में अपराध क्रमांक 89/2026 के तहत धारा 318(4) भारतीय न्याय संहिता में मामला दर्ज कर विवेचना शुरू की गई। जांच के दौरान पता चला कि आरोपी ने ठगी की रकम से एक कार (क्रमांक CG 15 K 0226) खरीदी थी, जिसे पुलिस ने 27 मार्च 2026 को जब्त कर लिया। बताया जा रहा है कि वाहन की किश्त 24,700 रुपये प्रतिमाह के हिसाब से भरी जा रही थी।पुलिस ने आरोपी को 27 मार्च को शाम 4:30 बजे गिरफ्तार कर उसकी पत्नी बसंती को सूचना दी। इसके बाद आरोपी को न्यायालय बैकुंठपुर में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जिला जेल बैकुंठपुर भेज दिया गया।

यह पूरी कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रवि कुर्रे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. सुरेशा चौबे और एसडीओपी राजेश साहू के निर्देशन में थाना प्रभारी प्रमोद पांडे व टीम द्वारा की गई।

Leave a reply

Please enter your name here
Please enter your comment!