


रायपुर : में Indian Premier League शुरू होने से पहले पुलिस कमिश्नरेट ने सट्टेबाजी पर लगाम कसने के लिए सख्त रुख अपनाया है। पुलिस ने स्पष्ट शब्दों में चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि कानून के साथ खिलवाड़ करने वालों को सीधे जेल का सामना करना पड़ेगा।
हर साल बढ़ता है सट्टे का नेटवर्क
आईपीएल सीजन के दौरान हर बार बड़े स्तर पर सट्टेबाजी का कारोबार सक्रिय हो जाता है। पुलिस लगातार कार्रवाई करती है, लेकिन सट्टेबाजों का नेटवर्क इतना फैल चुका है कि यह गतिविधि पूरी तरह थम नहीं पाती। इसी को देखते हुए इस बार पहले से ही निगरानी और सख्ती बढ़ा दी गई है।
सोशल मीडिया के जरिए दी चेतावनी
रायपुर पुलिस ने सोशल मीडिया के माध्यम से खास संदेश जारी कर सट्टेबाजों को आगाह किया है। इस बार संदेश को अलग अंदाज में पेश करते हुए क्रिकेट की भाषा का इस्तेमाल किया गया है, ताकि ज्यादा से ज्यादा लोगों तक बात पहुंचे।
क्रिकेट स्टाइल में समझाया कानून का ‘खेल’
पुलिस ने साफ कहा है कि बेटिंग करने वालों पर कड़ी कार्रवाई तय है और कानून की टीम ऐसे मामलों में पीछा करने में माहिर है। साथ ही फर्जी सट्टा आईडी से दूर रहने की सलाह दी गई है। चेतावनी दी गई है कि नियमों की अनदेखी करने वालों की साझेदारी ज्यादा समय तक नहीं टिकेगी।
अंतिम चेतावनी, वरना जेल तय
पुलिस का साफ संदेश है कि सट्टेबाजी से दूरी बनाना ही समझदारी है। यदि कोई इसमें लिप्त पाया गया, तो सीधे कानूनी कार्रवाई करते हुए जेल भेजा जाएगा।
































