


रायपुर : साइबर ठगी का बड़ा मामला सामने आया है, जहां क्राइम ब्रांच ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर ठगी करने वाले कॉल सेंटर का भंडाफोड़ किया है। बुधवार को की गई इस कार्रवाई में 40 से अधिक आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। ये गिरोह अमेरिकन नागरिकों को निशाना बनाकर ठगी करता था और शहर के अलग-अलग इलाकों में अपने फर्जी कॉल सेंटर संचालित कर रहा था।
पुलिस के अनुसार, गंज थाना क्षेत्र में एक और राजेंद्र नगर इलाके में दो कॉल सेंटर चल रहे थे। इसके अलावा फाफडीह क्षेत्र में भी एक बड़ा सेटअप सामने आया है। छापेमारी के दौरान पुलिस ने 20 लैपटॉप, 50 डेस्कटॉप और करीब 50 मोबाइल फोन जब्त किए हैं, जिनका इस्तेमाल ठगी के लिए किया जा रहा था।
रायपुर साइबर ठगी का तरीका बेहद शातिर
जांच में पता चला कि आरोपी खुद को Amazon और Apple के कस्टमर केयर अधिकारी बताकर लोगों को झांसे में लेते थे। गिरोह इंटरनेट पर फर्जी कस्टमर केयर नंबर इस तरह अपलोड करता था कि वे गूगल सर्च में ऊपर दिखाई दें। जब विदेशी नागरिक इन नंबरों पर संपर्क करते, तो उन्हें रिफंड, लोन या टेक्निकल सपोर्ट के नाम पर ठगा जाता था।
यह कॉल सेंटर मुख्य रूप से रात में संचालित होते थे, ताकि अमेरिका और यूरोप के समय के अनुसार लोगों को निशाना बनाया जा सके। पुलिस ने बताया कि इस गिरोह के तार गुजरात, राजस्थान, उत्तर प्रदेश और बिहार तक जुड़े हुए हैं। कई युवक-युवतियां इसमें 15 से 20 हजार रुपए मासिक वेतन पर काम कर रहे थे।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। रायपुर साइबर ठगी का यह खुलासा संगठित अपराध के बड़े नेटवर्क की ओर इशारा करता है, जिसमें आगे और बड़े खुलासे संभव हैं।

































