


अम्बिकेश गुप्ता
कुसमी: जिले के चांदो थाना क्षेत्र में गुरुवार को हुए दो अलग-अलग सड़क हादसों ने पूरे इलाके को दहला दिया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित भारी वाहनों की चपेट में आने से जहां दो महिलाओं की दर्दनाक मौत हो गई, वहीं दो युवक गंभीर रूप से घायल होकर जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं। घटनाओं से आक्रोशित ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया, जिससे स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
अनियंत्रित हाईवा घर में घुसा, मां-नानी की मौत..
पहली हृदयविदारक घटना चांदो क्षेत्र के कनहर नदी पुलिया के पास ग्राम भेदमी में हुई। जानकारी के अनुसार रामप्रीत नागेसिया अपनी मां और नानी के साथ बाइक से बैरडीहकला गांव महुआ चुनने जा रहा था। इसी दौरान तेज रफ्तार हाईवा वाहन अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे स्थित बेचू साव के घर में जा घुसा और फिर बाइक सवारों को अपनी चपेट में ले लिया।
इस भीषण हादसे में रामप्रीत की मां की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल नानी ने जिला अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में रामप्रीत नागेसिया बुरी तरह घायल हो गया, बताया जा रहा है कि उसका एक पैर कट गया है और उसकी हालत अत्यंत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही गणेश मोड़ चौकी प्रभारी ओमप्रकाश पटेल अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया।
प्रतिबंधित मार्ग पर बॉक्साइट ट्रक ने युवक को कुचला..
दूसरी घटना ग्राम कंदरी में सामने आई, जहां एक बॉक्साइट परिवहन कर रहा ट्रक बाइक सवार सद्दाम खान (35 वर्ष) को कुचलते हुए निकल गया। हादसे में सद्दाम के सिर और पैर में गंभीर चोटें आई हैं। प्राथमिक उपचार के बाद उसे अंबिकापुर मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ट्रक चालक शराब के नशे में धुत था। साथ ही उन्होंने प्रशासन पर भी सवाल उठाए कि प्रतिबंध और चेतावनी बोर्ड लगाए जाने के बावजूद इस मार्ग से अवैध रूप से बॉक्साइट ट्रकों का संचालन कैसे जारी है।
ग्रामीणों का आक्रोश, सड़क पर चक्काजाम..
लगातार हुई इन घटनाओं से गुस्साए ग्रामीणों ने सड़क पर चक्काजाम कर दिया। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए चांदो थाना प्रभारी दुवेन्द टेकाम, बलरामपुर थाना प्रभारी भापेंद्र साहू और गणेश मोड़ चौकी प्रभारी ओमप्रकाश पटेल भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे।
काफी समझाइश के बाद भी ग्रामीण शांत नहीं हुए, जिसके बाद भाजपा किसान मोर्चा के जिला महामंत्री विकास मंडल मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
प्रशासन का आश्वासन, जाम समाप्त..
भाजपा जिला अध्यक्ष ओमप्रकाश जायसवाल को इस पुरे सड़क हादसे की जानकारी विकास मण्डल ने दी. इसके बाद कलेक्टर राजेंद्र कटारा ने घायलों के समुचित इलाज और हर संभव सरकारी सहायता का आश्वासन दिया। विकास मंडल के भरोसे के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त कर दिया।
पुलिस की कार्रवाई जारी..
पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित ट्रकों और चालकों को हिरासत में ले लिया है। जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की मांग पर उचित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
प्रतिबंध के बावजूद जारी है परिवहन..
स्थानीय लोगों का कहना है कि कंठी घाट मार्ग में भारी वाहनों के संचालन पर प्रतिबंध लगा हुआ है, बावजूद इसके हिंडाल्को इंड़स्ट्रीज लिमिटेड के खादानों से बॉक्साइट लदे ट्रक धड़ल्ले से इस मार्ग पर दौड़ रहे हैं। इससे न केवल सड़क सुरक्षा खतरे में है, बल्कि प्रशासन की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े हो रहे हैं।
ग्रामीणों की मांग..
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि क्षेत्र में अवैध परिवहन पर तत्काल रोक लगाई जाए, दोषी वाहन चालकों पर कड़ी कार्रवाई हो तथा घायल युवक को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए। घटना के बाद से गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है, हालांकि पुलिस बल की मौजूदगी से स्थिति नियंत्रण में बताई जा रही है।
बड़ा सवाल: आखिर कब थमेगा भारी वाहनों का कहर..?
लगातार हो रहे सड़क हादसों और अवैध परिवहन को लेकर क्षेत्र में दहशत और आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और स्थायी समाधान की भी मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

































