

अंबिकापुर: सरगुजा यातायात पुलिस ने शराब के नशे में खतरनाक ढंग से वाहन चलाने वाले एक स्कार्पियो चालक के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की है। आरोपी वाहन चालक का नाम जीवधन कुमार यादव (आयु 36 वर्ष), निवासी बकमेर, थाना मणीपुर बताया गया है।
जानकारी के अनुसार यातायात शाखा टीम को सूचना मिली कि एक स्कार्पियो चालक खतरनाक ढंग से वाहन चला रहा है। खरसिया नाका पर चेकिंग के दौरान उक्त वाहन क्रमांक सीजी/15/बी/9507 को रोका गया। पूछताछ में चालक ने अपना परिचय जीवधन कुमार यादव के रूप में दिया। चालक की जांच ब्रेथ एनालाइज़र से करने पर वह शराब के प्रभाव में पाया गया।यातायात शाखा ने वाहन चालक के खिलाफ धारा 184 और 185 मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया। मामला न्यायालय में पेश किया गया, जहां माननीय न्यायालय ने चालक को 11,000 रुपये के अर्थदंड से दंडित करने का आदेश दिया। इसके साथ ही चालक के ड्राइविंग लाइसेंस को निरस्त करने हेतु आरटीओ कार्यालय को पत्र भेजा जा रहा है।डीआईजी एवं एसएसपी सरगुजा राजेश कुमार अग्रवाल के दिशा-निर्देशन में यातायात पुलिस लगातार सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करने और सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने के लिए सक्रिय है। अधिकारीयों का कहना है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
इस कार्रवाई में यातायात शाखा प्रभारी उप निरीक्षक विजय कैवर्त, प्रधान आरक्षक विमल सिंह और आरक्षक कुंज लाल सोरी सक्रिय भूमिका में रहे।यातायात पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि वे शराब के नशे में वाहन न चलाएं और सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करें। विभाग ने चेतावनी दी है कि भविष्य में भी ऐसे मामलों में कोई नरमी नहीं बरती जाएगी।

































