

बलरामपुर: संयुक्त जिला कार्यालय भवन के सभाकक्ष में कलेक्टर राजेन्द्र कटारा की अध्यक्षता एवं पुलिस अधीक्षक वैभव बेंकर की उपस्थिति में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में वनमंडलाधिकारी आलोक बाजपेयी, जिला पंचायत सीईओ नयनतारा सिंह तोमर, अपर कलेक्टर आर.एस. लाल, चेतन बोरघरिया सहित समिति के सदस्य एवं संबंधित विभागों के अधिकारीगण उपस्थित रहे।
बैठक में जिले में यातायात प्रबंधन को सुदृढ़ करने एवं सड़क सुरक्षा को और अधिक प्रभावी बनाने को लेकर विस्तृत चर्चा आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर श्री कटारा ने जिले के दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में त्वरित सुधार कार्य सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि जहां सड़क दुर्घटनाओं की आशंका अधिक रहती है, वहां जागरूकता बोर्ड, रिफ्लेक्टर एवं अन्य आवश्यक सुरक्षा संकेतक अनिवार्य रूप से लगाएं ताकि वाहन चालकों को समय रहते सचेत किया जा सके। उन्होंने कहा कि सर्वाधिक दुर्घटना वाले क्षेत्रों में सभी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
कलेक्टर ने राष्ट्रीय राजमार्ग के निर्माण कार्य में तेज़ी लाने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को जिम्मेदारी पूर्वक अपने दायित्वों का निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कार्य के दौरान साइन एज, रिफ्लेक्टर लगाने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने परिवहन अधिकारी को निर्देशित करते हुए कहा कि बसे निर्धारित स्टॉपेज पर ही रोके। उन्होंने अन्य जगह पर बस रोकने पर आवश्यक कार्यवाही करने तथा निर्धारित रूट के अनुसार बसों का संचालन करने के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को सड़कों पर अवैध अतिक्रमण पर कार्यवाही करने के निर्देश दिए, जिससे अनावश्यक रूप से यातायात बाधित न हो। कलेक्टर ने आबकारी अधिकारी को निर्देशित किया कि ढाबों, होटलों एवं ठेलों में अवैध शराब बिक्री पर कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करें।
पुलिस अधीक्षक वैभव बैंकर ने कहा कि जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में सतत निगरानी रखते हुए आवश्यक सुरक्षा उपाय किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करते हुए सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें। जिससे बड़ी दुर्घटनाओं को रोका जा सकता है।

































